प्रथम टुडे जबलपुर :-- थाना बरगी क्षेत्र में एक गंभीर लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान पिकअप वाहन डिलीवरी पर जा रहे ड्राइवर से तीन युवकों ने मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, पर्स और वाहन छीन लिया था। पकड़ा गया आरोपी पिकअप में डाला लगवाकर छतरपुर मंडी में उपयोग कर रहा था। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य का वाहन जब्त कर लिया है, जबकि दो अन्य नाबालिग आरोपी अभी फरार हैं।
डिलीवरी के दौरान हुई थी वारदात
पीड़ित अथहर अली (38 वर्ष), महाराष्ट्र के जिला जालना निवासी हैं और पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। उन्होंने 19 अप्रैल 2025 को बरगी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 15 अप्रैल को पुणे से एक नई बिना डाला वाली महिंद्रा पिकअप को सतना शोरूम डिलीवर करने जा रहे थे। 17 अप्रैल की दोपहर 1:30 बजे वे ग्राम रैपुरा बस स्टॉप पर थकान के कारण वाहन खड़ा कर उसमें ही सो गए।
इसी दौरान तीन युवक पहुंचे और जबरन जबलपुर तक छोड़ने की बात कहकर गाड़ी में बैठ गए। विरोध करने पर उन्होंने ड्राइवर के साथ मारपीट की और उसे गाड़ी चलाने के लिए मजबूर किया।
मारपीट कर स्लिमनाबाद में उतारा नीचे, वाहन लूट कर फरार
रास्ते भर ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए आरोपी उसे स्लिमनाबाद (जिला कटनी) तक ले गए। वहां उन्होंने ड्राइवर का पर्स, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज (आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस) छीन लिए और उसे गाड़ी से धक्का देकर नीचे उतार दिया। इसके बाद तीनों वाहन लेकर फरार हो गए।
तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई, आरोपी पकड़ाया छतरपुर में
इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 श्री समर वर्मा एवं एसडीओपी बरगी श्री अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम ने छानबीन कर छतरपुर जिले के गढ़ी मल्हेरा में दबिश दी, जहां से 18 वर्षीय आरोपी मोह. अरमान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
छीना गया वाहन जब्त, दो नाबालिग आरोपी फरार
आरोपी अरमान ने बताया कि वाहन उसके पास ही था, जिसमें उसने डाला लगवाकर उसे छतरपुर मंडी में चला रहा था। जबकि छीना गया मोबाइल और नगद रुपये उसके दो नाबालिग साथियों के पास हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी से 10 लाख रुपये मूल्य का महिंद्रा पिकअप वाहन बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया और पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड पर लिया है।
विशेष भूमिका
इस घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी श्री कमलेश चौरिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक मुनेश लाल कोल, प्रधान आरक्षक उदय प्रताप, आरक्षक विपुल और रवि शर्मा की भूमिका सराहनीय रही। इनकी तत्परता और समर्पण से आरोपी तक पहुंचना संभव हो पाया।

No comments:
Post a Comment