पदयात्रा से पहले पोस्टर-फ्लेक्स में दिखी गुटबाजी, जिला अध्यक्ष की तस्वीर को मिली नजर
अंदाजी; एक ही दिन में दो प्रेस कॉन्फ्रेंस ने बढ़ाए सियासी सवाल
जबलपुर। कांग्रेस कल शहर में संविधान रक्षा के नाम पर बड़ी पदयात्रा निकालने की तैयारी में जुटी है। दावा हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने का है, तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन इस आयोजन से पहले ही कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी सड़क पर लगे पोस्टरों और फ्लेक्सों में खुलकर दिखाई देने लगी है। हालात यह हैं कि संविधान की रक्षा का संदेश देने निकल रही कांग्रेस के अपने संगठन में एकजुटता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक आयोजन, लेकिन दो प्रेस कॉन्फ्रेंस! आखिर किसकी कांग्रेस?
कार्यक्रम से ठीक पहले शहर में कांग्रेस की दो अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होना भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। एक ओर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाती शर्मा के आयोजन में प्रदेश पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष ने पत्रकारों को संबोधित किया, तो दूसरी ओर महिला कांग्रेस की ओर से अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत की।
सवाल यह है कि जब आयोजन कांग्रेस का साझा है और मकसद भी एक है, तो फिर पत्रकारों के सामने अपनी-अपनी ताकत और उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अलग-अलग मंच क्यों सजाए जा रहे हैं? क्या कांग्रेस के भीतर समन्वय की कमी है या फिर संगठन के अंदर चल रही खींचतान अब सार्वजनिक होने लगी है?
महिला कांग्रेस में सब ठीक है तो समर्पित महिलाओं को जिम्मेदारी क्यों नहीं?
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठनात्मक स्थिति को लेकर सब कुछ ठीक होने की बात कही। लेकिन पत्रकारों ने जब उनसे उन महिलाओं के बारे में सवाल किया, जिन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस के लिए समर्पित होकर काम किया, अलग-अलग प्रदेशों और उत्तर प्रदेश के चुनावों में प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई, लेकिन प्रदेश संगठन में उन्हें कोई महत्वपूर्ण पद नहीं मिला, तो सवाल और गंभीर हो गया।
आखिर पार्टी के लिए लगातार काम करने वाली महिलाओं को संगठन में उचित सम्मान और जिम्मेदारी क्यों नहीं मिल रही? क्या कांग्रेस में पद और प्रतिष्ठा का पैमाना समर्पण नहीं, बल्कि किसी खास गुट से नजदीकी बन गया है?
गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने अपना जवाब जरूर दिया, लेकिन शहर में चल रही राजनीतिक गतिविधियां कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आ रही हैं।
फ्लेक्स की सियासत में अपने नेता बड़े, जिला अध्यक्ष छोटे!
संविधान रक्षा पदयात्रा को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों पर बड़े-बड़े फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। पहली नजर में ये फ्लेक्स कांग्रेस की एकजुटता और आयोजन की व्यापकता का संदेश देते हैं, लेकिन गौर से देखने पर इनमें भी गुटों की अलग-अलग पहचान साफ दिखाई देती है।
हर नेता ने अपने-अपने राजनीतिक खेमे के बड़े नेताओं को प्रमुखता दी है। किसी फ्लेक्स में किसी नेता का चेहरा बड़ा है तो किसी में दूसरे नेता का। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस बात की है, जिसमें शहर और प्रदेश की राजनीति में प्रभाव रखने वाले एक वरिष्ठ नेता के समर्थकों द्वारा लगाए गए फ्लेक्सों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाती शर्मा को कोई खास तवज्जो नहीं दी गई।
हैरानी की बात तो यह बताई जा रही है कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय के ठीक सामने डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभों पर भी फ्लेक्स लगाए गए, लेकिन उनमें भी जिला अध्यक्ष की तस्वीर को जगह नहीं मिली। राजनीतिक जानकारों के बीच यह चर्चा है कि आखिर यह महज तस्वीर लगाने की चूक है या फिर जिला अध्यक्ष को उनकी राजनीतिक हैसियत का एहसास कराने की कोशिश?
अध्यक्ष खामोश, लेकिन समर्थकों में नाराजगी की चर्चा
इस पूरे मामले को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन उनके समर्थकों और नजदीकी नेताओं के बीच इस बात को लेकर नाराजगी की चर्चाएं जरूर सुनाई दे रही हैं। सवाल यह भी है कि जिस जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां हो रही हैं, उन्हीं को पोस्टर और फ्लेक्स की राजनीति में किनारे क्यों किया जा रहा है?
यहां एक और राजनीतिक पहलू चर्चा में है। प्रदेश की राजनीति में प्रभाव रखने वाले एक वरिष्ठ नेता, जिनके पुत्र वर्तमान में प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैं, उनके समर्थकों के फ्लेक्सों में जिला अध्यक्ष की तस्वीर को जगह नहीं मिलना महज संयोग है या संगठन के भीतर चल रही किसी बड़ी राजनीतिक खींचतान का संकेत?
हजार महिलाओं और हजारों कार्यकर्ताओं का दावा, अब शक्ति प्रदर्शन की बारी
दूसरी ओर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि जबलपुर से ही करीब एक हजार महिलाएं संविधान रक्षा पदयात्रा में शामिल होंगी। वहीं जिला कांग्रेस और अन्य नेताओं की ओर से भी हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का दावा किया जा रहा है।
अब असली परीक्षा कल होगी। क्या कांग्रेस के अलग-अलग गुट अपने राजनीतिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर दिखाई देंगे या फिर पदयात्रा में भी नेताओं की अलग-अलग ताकत और समर्थकों की अलग-अलग पहचान नजर आएगी?
संविधान की रक्षा का संकल्प, लेकिन पहले संगठन की एकजुटता की परीक्षा!
कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने जा रही है। यह उसका राजनीतिक और वैचारिक कार्यक्रम है, लेकिन इस आयोजन से पहले सामने आ रही तस्वीरें पार्टी के अंदरूनी हालात पर सवाल खड़े कर रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो पार्टी संविधान, समानता और संगठनात्मक एकता की बात कर रही है, क्या वह अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को बराबरी का सम्मान दे पा रही है?
कल की पदयात्रा केवल भीड़ का आंकड़ा नहीं होगी, बल्कि यह भी बताएगी कि जबलपुर कांग्रेस वास्तव में एकजुट है या फिर यहां भी राजनीति संविधान के मंच पर और गुटबाजी फ्लेक्सों के पीछे चल रही है।

No comments:
Post a Comment