जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार, 13 अगस्त को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, जबलपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल कलेक्टर जबलपुर श्री राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
फाइनल रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का निर्धारित प्रोटोकॉल एवं कार्यक्रमानुसार अंतिम अभ्यास कराया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री रवि शंकर ने परेड की सलामी ली।
परेड में शामिल विभिन्न पुलिस एवं अन्य दलों ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सलामी एवं परेड का अभ्यास कराया गया। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा पीटी एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
रिहर्सल के दौरान परेड दलों ने मार्चपास्ट सहित अन्य निर्धारित गतिविधियों का बेहतर समन्वय एवं अनुशासन के साथ प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने परेड की प्रत्येक गतिविधि का बारीकी से अवलोकन कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
फाइनल रिहर्सल के माध्यम से परेड, सलामी, प्रोटोकॉल, मंच संचालन, सुरक्षा, यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं का अंतिम अभ्यास किया गया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा, अनुशासन, उत्साह एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

No comments:
Post a Comment