खितौला पुलिस ने नकबजनी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी के पैसों से खरीदी थी कारें, जेवर बेचने और गिरवी रखने की कर रहे थे तैयारी
जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की नकबजनी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 212.3 ग्राम सोने के आभूषण, 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण, नगद 54 हजार रुपये तथा चोरी की रकम से खरीदी गई एक ऑल्टो और एक अमेज कार जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 31 लाख 65 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
रहन-सहन में अचानक आया बदलाव बना सबसे बड़ा सुराग
इस पूरे मामले में पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग आरोपियों की अचानक बदली जीवनशैली साबित हुई। गांव के लोगों ने देखा कि जिन युवकों की आर्थिक स्थिति सामान्य थी, उनके पास अचानक बड़ी मात्रा में पैसा आ गया। उन्होंने नई कारें खरीद लीं और महंगे आभूषणों को गिरवी रखने तथा बेचने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बदलाव ने पुलिस का शक गहरा दिया और जांच की दिशा बदल गई।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से खुला राज
पुलिस ने घटना के बाद डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल की बारीकी से जांच की। साथ ही पुराने संपत्ति संबंधी अपराधियों के रिकॉर्ड भी खंगाले गए और अचानक आर्थिक रूप से संपन्न हुए लोगों पर नजर रखी गई।
5 अगस्त 2026 को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा पड़रिया निवासी तीन युवकों के पास अचानक काफी पैसा आया है। सूचना में यह भी बताया गया कि उन्होंने जबलपुर से दो कारें खरीदी हैं और चोरी के जेवर बेचने या गिरवी रखने का प्रयास कर रहे हैं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी खितौला के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंकित कोरी (22), आकाश पटेल (28) और शनि पटेल (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने पालीवाल कॉलोनी स्थित सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगद राशि तथा चोरी की रकम से खरीदी गई ऑल्टो और अमेज कार बरामद कर ली गई। पुलिस ने अन्य स्थानों से चोरी किए गए कुछ और आभूषण भी जब्त किए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के साथ अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
ऐसे हुई थी लाखों की चोरी
12 जून 2026 को पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने खितौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 11 जून की रात परिवार नए मकान में सोने चला गया था। अगले दिन सुबह पुराने किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य गेट और अलमारी के ताले टूटे मिले। घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, एसडीओपी लोकेश डाबर, डीएसपी (क्राइम) उदयभान बागरी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चंद्रकांत झा के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और खितौला पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
सराहनीय भूमिका
नकबजनी का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए मशरूका की बरामदगी में थाना प्रभारी चंद्रकांत झा के नेतृत्व में उप निरीक्षक रामवरण मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा, उप निरीक्षक कपूर सिंह, आरक्षक ओमप्रकाश, परमजीत यादव, हितेंद्र रावत, सत्येंद्र बिसेन, पंकज सिंह, रितेश शुक्ला सहित थाना खितौला, क्राइम ब्रांच एवं साइबर सेल की टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
अंकित कोरी, पिता दुलीचंद कोरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा पड़रिया, थाना पनागर।
आकाश पटेल, पिता संतोष पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा पड़रिया, थाना पनागर।
शनि पटेल, पिता राजकुमार पटेल, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा पड़रिया, थाना पनागर।
बरामद मशरूका
आरोपियों की निशानदेही पर 212.3 ग्राम सोने के आभूषण, 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण, कुल अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख 65 हजार 200 रुपये, चोरी की रकम से खरीदी गई एक ऑल्टो कार, एक अमेज कार तथा नगद 54 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस द्वारा अन्य चोरी के मामलों से संबंधित आभूषण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।

No comments:
Post a Comment