जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के रानीताल स्थित हनुमान मंदिर के सामने गेट नंबर-3 के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल युवक तुषार सीधे घायल अवस्था में मदन महल थाने पहुंचा। उसके पेट में चाकू लगा हुआ था। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए उसे तत्काल पुलिस वाहन से जिला अस्पताल विक्टोरिया पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
तुषार ने पुलिस को बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर तीन से चार युवकों से उसका विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक ने उसके पेट में चाकू मार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चाकू उसके पेट में ही फंस गया था।
बताया जा रहा है कि घायल होने के बावजूद तुषार ने पेट से चाकू निकालकर हमला करने वाले युवक पर पलटवार किया और उसकी पीठ पर दो से तीन वार कर दिए। इससे वह युवक भी घायल हो गया। घटना के बाद उसके साथी उसे ऑटो में बैठाकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है, जो प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर पक्ष के युवक की बताई जा रही है।
मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़क पर इस तरह की वारदात कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए।
फिलहाल मदन महल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोनों पक्षों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment