कॉपीराइट उल्लंघन पर अधारताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में संचालित एक कथित नकली खाद्य सामग्री निर्माण फैक्ट्री पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया और उसके संचालक आकाश गौतम को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली नूडल्स, पैकिंग सामग्री, भट्टी तथा निर्माण में प्रयुक्त अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, टेमर बीटा निवासी विनोद उपाध्याय ने अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गंगा फूड कंपनी के नाम, लोगो तथा रजिस्टर्ड पेटेंट डिज़ाइन का दुरुपयोग कर एक व्यक्ति हूबहू नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में बेच रहा है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी केवल नूडल्स ही नहीं, बल्कि कंपनी के अन्य पेटेंट एवं रजिस्टर्ड उत्पादों की भी नकल कर उन्हें असली कंपनी के नाम से बाजार में खपा रहा था, जिससे कंपनी की साख और व्यापार दोनों को नुकसान पहुंच रहा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधारताल थाना पुलिस ने जांच के बाद संबंधित फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस को मौके से बड़े पैमाने पर नूडल्स बनाने की मशीनें, पैकिंग सामग्री, भट्टी, तैयार एवं अर्द्धनिर्मित खाद्य सामग्री सहित अन्य उपकरण मिले। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री में नकली ब्रांडिंग के साथ उत्पाद तैयार किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालक आकाश गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा कॉपीराइट और ट्रेडमार्क से जुड़े नियमों का उल्लंघन कर रजिस्टर्ड ब्रांड के नाम और पहचान का अवैध उपयोग किया जा रहा था। मामले में जब्त सामग्री की जांच कराई जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली उत्पाद किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किए जा रहे थे और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सामग्री से जुड़े इस फर्जीवाड़े ने उपभोक्ताओं की सेहत और बाजार में बिकने वाले ब्रांडेड उत्पादों की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

No comments:
Post a Comment