जबलपुर जिला बार एसोसिएशन चुनाव: मतदान रद्द, अब नई तारीख पर होगा पुनः चुनाव - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, July 20, 2026

जबलपुर जिला बार एसोसिएशन चुनाव: मतदान रद्द, अब नई तारीख पर होगा पुनः चुनाव

 

चुनाव में अव्यवस्थाओं के आरोप, प्रत्याशियों के हंगामे के बाद मतदान निरस्त


जबलपुर। जबलपुर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में शनिवार को उस समय बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मतदान प्रक्रिया के दौरान भारी अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं के आरोपों के बीच चुनाव अधिकारियों ने मतदान रद्द करने का निर्णय लिया। जिला बार के इतिहास में यह पहला अवसर माना जा रहा है, जब मतदान शुरू होने के बाद पूरे चुनाव को निरस्त करना पड़ा। अब नई तारीख घोषित होने के बाद दोबारा मतदान कराया जाएगा।

सुबह से दिखा था चुनावी उत्साह, फिर बढ़ा विवाद

सुबह करीब 10:30 बजे मतदान शुरू हुआ। शुरुआत में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन कुछ ही देर में मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते रहे। चुनावी माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण दिखाई दे रहा था।

भालू बना आकर्षण का केंद्र

मतदान के दौरान समर्थकों द्वारा लाया गया भालू पूरे परिसर में आकर्षण का केंद्र बना रहा। अधिवक्ता और अन्य लोग उसके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए, जिससे चुनावी माहौल कुछ समय तक उत्सव जैसा दिखाई दिया।




मतपत्रों पर पहले से लगी सील के आरोप

मतदान के बीच कई प्रत्याशियों ने गंभीर आरोप लगाए कि कुछ मतपत्रों पर पहले से ही सील लगी हुई थी। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि मतपत्रों को मतदान केंद्र के भीतर इधर-उधर ले जाया जा रहा था, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए।

अध्यक्ष पद के दावेदार मनीष मिश्रा ने लगाए गंभीर आरोप

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनीष मिश्रा ने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव में अव्यवस्थाओं का माहौल रहा। उनके अनुसार मतपत्रों की सुरक्षा और मतदान प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी अपनी मनमर्जी से निर्णय ले रहे थे और किसी भी प्रत्याशी या पक्ष से आवश्यक सलाह-मशविरा नहीं किया जा रहा था।

प्रत्याशियों ने चुनाव अधिकारियों को घेरा

अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद कई प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ चुनाव अधिकारियों के सामने पहुंचे और निष्पक्ष मतदान की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया। बढ़ते विवाद के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

तीनों चुनाव अधिकारी हटाए गए

विवाद बढ़ने के बाद चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा की गई और तीनों चुनाव अधिकारियों को अलग कर दिया गया। इसके बाद मतदान को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया गया।

नई तारीख पर होगा पुनः मतदान

जिला बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि अब नई तारीख घोषित होने के बाद पुनः मतदान कराया जाएगा। चुनाव निरस्त होने के बाद अधिवक्ताओं के बीच पूरे घटनाक्रम को लेकर दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।


No comments: