165 मतों से नरेंद्र जैन को हराया, पिछली बार पूर्व अध्यक्ष राकेश सैनी को दी थी मात; युवा अधिवक्ताओं का भरोसा और वरिष्ठों के आशीर्वाद ने दिलाई शानदार जीत
जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव में एक बार फिर अधिवक्ताओं ने मनीष मिश्रा के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। मंगलवार को हुई मतगणना में मनीष मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेंद्र जैन को 165 मतों से पराजित कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की। परिणाम घोषित होते ही जिला न्यायालय परिसर में समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। फूल-मालाओं, मिठाइयों और आतिशबाजी के बीच समर्थकों ने मनीष मिश्रा का जोरदार स्वागत किया।
लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने के साथ मनीष मिश्रा ने यह साबित कर दिया कि अधिवक्ताओं के बीच उनकी स्वीकार्यता और विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में उन्होंने लंबे समय तक जिला बार की कमान संभालने वाले पूर्व अध्यक्ष राकेश सैनी को पराजित कर सभी को चौंका दिया था। वहीं इस बार मजबूत दावेदार नरेंद्र जैन को हराकर उन्होंने अपने नेतृत्व पर अधिवक्ताओं की मुहर दोबारा लगवा दी।
अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम
▶ मनीष मिश्रा — 1188 मत
▶ नरेंद्र जैन — 1023 मत
▶ ज्योति राय — 307 मत
▶ एच.आर. नायडू — 93 मत
▶ अभय शुक्ला — 27 मत
▶ वी.पी. सिंह — 15 मत
▶ अवैध मत — 15
कुल जीत का अंतर : 165 मत
काम बोलता रहा, इसलिए मिला दोबारा जनादेश
अधिवक्ताओं के बीच चर्चा रही कि मनीष मिश्रा ने अपने पिछले कार्यकाल में केवल अध्यक्ष की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि हर छोटे-बड़े मुद्दे पर अधिवक्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहे। किसी अधिवक्ता पर संकट आने की सूचना मिलते ही वे अपने साथियों के साथ सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचते थे। अधिवक्ताओं की समस्याओं के निराकरण, प्रशासन के समक्ष उनकी आवाज बुलंद करने और बार की गरिमा बनाए रखने के लिए उनकी सक्रिय भूमिका ने उन्हें युवा और वरिष्ठ—दोनों वर्गों का विश्वास दिलाया।
चुनाव प्रचार के दौरान भी युवा अधिवक्ताओं का उत्साह उनके पक्ष में साफ दिखाई दे रहा था। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी उनके अनुभव, सरल स्वभाव और संघर्षशील कार्यशैली पर भरोसा जताया। यही विश्वास मतदान में बड़ी जीत के रूप में सामने आया।
जीत के बाद समर्थकों में उत्साह, बधाइयों का लगा तांता
मतगणना पूरी होने और परिणाम घोषित होते ही जिला न्यायालय परिसर में समर्थकों ने मनीष मिश्रा को फूल-मालाओं से लाद दिया। मिठाइयां बांटी गईं और जीत का जश्न मनाया गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्ट बार एसोसिएशन ने दी शुभकामनाएं
मनीष मिश्रा के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कलेक्ट बार एसोसिएशन की ओर से विवेक नायक, यशवंत दुबे, राधेश्याम तिवारी, सिद्धांत यादव, सुमन ठाकुर, दिलीप नामदेव एवं तुलसी पटेल सहित अनेक अधिवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जिला अधिवक्ता संघ अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और बार की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

No comments:
Post a Comment