:3315 में से 2680 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, अध्यक्ष पद पर मनीष मिश्रा और नरेंद्र जैन के बीच कांटे की टक्कर की चर्चा कल 10:00 बजे मतगणना शुर 2:00 तक अध्यक्ष के परिणाम आने की उम्मीद
जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ (जिला बार) के चुनाव में इस बार अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 3315 मतदाताओं में से 2680 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जो लगभग 80.84 प्रतिशत रहा। भारी मतदान ने यह साफ कर दिया कि जिला बार के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में इस बार भी खासा उत्साह देखने को मिला।
19 जुलाई की घटना के बाद शांतिपूर्ण रहा मतदान
गौरतलब है कि 19 जुलाई को मतदान के दौरान हुई अव्यवस्था और हंगामे के कारण चुनाव रद्द करना पड़ा था। इसके बाद दोबारा कराए गए मतदान में सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्र पर दिखाई दीं। दिनभर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान चलता रहा और शाम तक बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव अधिकारियों की निष्पक्ष व्यवस्था की सराहना
इस बार चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय के नेतृत्व में पूरी चुनाव प्रक्रिया सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव सहायता समिति में संपूर्ण तिवारी, राजकुमार चौधरी, सुशील चौबे, अभय सिंह ठाकुर और अरविंद चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। मतदान समाप्त होने के बाद कई प्रत्याशियों ने भी निष्पक्ष एवं व्यवस्थित चुनाव कराने के लिए चुनाव अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशी, लेकिन मुकाबला दो दिग्गजों के बीच माना जा रहा
जिला बार के सबसे महत्वपूर्ण अध्यक्ष पद के लिए मनीष मिश्रा, नरेंद्र जैन, ज्योति राय, डी.पी. तिवारी, एच.आर. नायडू और अभय शुक्ला चुनाव मैदान में हैं। हालांकि सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन चुनावी चर्चाओं और अधिवक्ताओं के बीच चल रहे समीकरणों के अनुसार मनीष मिश्रा को बढ़त मिलती हुई दिखाई दे रही है, जबकि नरेंद्र जैन उन्हें कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं। बार परिसर में सबसे अधिक चर्चा इन्हीं दोनों प्रत्याशियों के मुकाबले की रही। हालांकि अंतिम फैसला मतपेटियों में बंद मतों से ही होगा और मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जिला बार का नया अध्यक्ष कौन बनेगा।
अन्य पदों पर भी रोचक मुकाबला
अध्यक्ष पद के अलावा सचिव पद पर 8 प्रत्याशी, सहसचिव पद पर 5, कोषाध्यक्ष पद पर 4, पुस्तकालय सचिव पद पर 4 तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 51 प्रत्याशी मैदान में हैं। लगभग सभी पदों पर मुकाबला कड़ा माना जा रहा है और प्रत्येक प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रहा है।
कल सुबह 10 बजे से होगी मतगणना
मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले मतों की गिनती प्रारंभ होगी और दोपहर लगभग 2 बजे तक अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के परिणाम घोषित होने की संभावना है। इसके बाद अन्य पदों के परिणाम भी क्रमवार घोषित किए जाएंगे। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्सुकता चरम पर है।
मतपेटियों में बंद हुई प्रत्याशियों की किस्मत
मतदान समाप्त होने के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में सील हो चुकी है। अब जिला बार के अधिवक्ताओं के साथ-साथ सभी उम्मीदवारों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस पर अधिवक्ताओं ने सबसे अधिक भरोसा जताया और जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी की कमान किसके हाथों में जाएगी।

No comments:
Post a Comment