खितौला बैंक डकैती: बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार, 350 ग्राम सोना और देशी पिस्टल बरामद
14.8 किलो सोना लूटा गया था, अब तक करीब आधा ही बरामद; शेष सोने पर उठ रहे सवाल
जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में वर्ष 2025 में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में जबलपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिहार के गया जिले से छोटू उर्फ सरमन मेहतो (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 350 ग्राम सोने के जेवर (कीमत लगभग ₹60 लाख) तथा मुख्य आरोपी सुनील पासवान की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल बरामद की गई है।
डकैती के बाद सोना बेचने में करता था मदद
पुलिस के अनुसार छोटू उर्फ सरमन मेहतो, मुख्य आरोपी सुनील पासवान के हिस्से में आए लूट के सोने को धीरे-धीरे बेचने में मदद कर रहा था। बचा हुआ सोना भी उसी के पास रखा गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बिहार के शेरघाटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 350 ग्राम सोना बरामद किया।
पहले भी बिहार से पकड़ा गया था मुख्य आरोपी
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले ही जबलपुर पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी सुनील पासवान को बिहार से गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया था। उसी से हुई पूछताछ में छोटू उर्फ सरमन मेहतो की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
11 अगस्त 2025 को हुई थी करोड़ों की डकैती
11 अगस्त 2025 को पांच हथियारबंद बदमाशों ने खितौला स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में घुसकर कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बनाया था। बदमाश बैंक से करीब 14 किलो 800 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग ₹5 लाख नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय स्वयं मौके पर पहुंचे थे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
क्राइम ब्रांच और खितौला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया, डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी तथा उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और थाना खितौला पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक और महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है।
अब भी सबसे बड़ा सवाल: 14.8 किलो में से केवल करीब 7 किलो सोना ही क्यों मिला?
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने 350 ग्राम सोना और बरामद कर लिया है, लेकिन इस बहुचर्चित बैंक डकैती में लूटे गए 14 किलो 800 ग्राम सोने में से अब तक करीब 7 किलो सोना ही बरामद हो सका है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि बाकी करीब 7 किलो से अधिक सोना आखिर कहां है? पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन पूरी लूटी गई संपत्ति बरामद नहीं हो सकी है। ऐसे में यह मामला अभी भी कई सवाल खड़े कर रहा है और लोगों की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

No comments:
Post a Comment