जबलपुर। कल मोहर्रम पर्व के मद्देनजर शहर में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को जबलपुर पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय के नेतृत्व में यह मार्च थाना ओमती, बेलबाग, कोतवाली, हनुमानताल और गोहलपुर क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर श्री मधुर पटेरिया, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री रीतेश कुमार शिव, नगर पुलिस अधीक्षक ओमती श्री सोनू कुर्मी सहित विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मार्च में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल तथा आर.ए.एफ. के जवान भी शामिल हुए।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर घंटाघर, बड़ी ओमती चौक, छोटी ओमती, बेलबाग तिराहा, लकड़गंज, फूटाताल, सराफा चौक, कोतवाली थाना, राजा रसगुल्ला, मिलौनीगंज, मछली मार्केट, बूढ़ी खेरमाई, चारखंबा, बहोराबाग और रद्दी चौक होते हुए गोहलपुर तिराहे पर समाप्त हुआ।
आमजन को सुरक्षा का भरोसा, असामाजिक तत्वों को चेतावनी
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने कहा कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और मोहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि संस्कारधानीवासियों की सुरक्षा के लिए जबलपुर पुलिस सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध है।
अनैतिक गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी श्री उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व या गुंडा-बदमाश किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को अंजाम देने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

No comments:
Post a Comment