मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल करेंगे पल्स पोलियो अभियान एवं ‘सुमन पंचायत’ का शुभारंभ - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, June 27, 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल करेंगे पल्स पोलियो अभियान एवं ‘सुमन पंचायत’ का शुभारंभ

 

स्टेट एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस 2.0 एक्शन प्लान होगा लॉन्च, उत्कृष्ट जिलों को किया जाएगा सम्मानित

भोपाल, 27 जून। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 28 जून को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की जनस्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहलों का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, जनभागीदारी आधारित अभिनव पहल ‘सुमन पंचायत’ तथा स्टेट एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) एक्शन प्लान 2.0 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान और स्वस्थ यकृत मिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित भी किया जाएगा।

स्वस्थ मध्यप्रदेश के संकल्प को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘स्वस्थ मध्यप्रदेश, समृद्ध मध्यप्रदेश’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जनभागीदारी, जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाकर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान : 1.07 करोड़ बच्चों को मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 से 30 जून तक प्रदेश के शून्य से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के लगभग 1.07 करोड़ बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के संचालन के लिए प्रदेशभर में लगभग 83 हजार पोलियो बूथ, 1.66 लाख वैक्सीनेटर और 26 हजार सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

29 और 30 जून को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 3,800 ट्रांजिट बूथ तथा प्रवासी एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के लिए 1,400 विशेष मोबाइल टीमें कार्य करेंगी।

सुमन पंचायत’ से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगा नया बल

‘सुमन पंचायत’ (सुरक्षित मातृत्व आश्वासन पंचायत) योजना का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। ऐसी पंचायतें, जहां एक वर्ष तक कोई मातृ मृत्यु, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु तथा खसरा और रूबेला का कोई मामला दर्ज नहीं होगा, उन्हें एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।

यह पहल संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, बेहतर पोषण और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान को बढ़ावा देगी।

एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्टेट एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) एक्शन प्लान 2.0 का भी अनावरण करेंगे। एंटीबायोटिक दवाओं के अनुचित उपयोग से उत्पन्न प्रतिरोधक क्षमता वैश्विक जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है।

भारत सरकार के राष्ट्रीय एक्शन प्लान के अनुरूप तैयार इस राज्य कार्ययोजना में जन-जागरूकता, संक्रमण नियंत्रण, प्रयोगशाला क्षमता सुदृढ़ीकरण, एंटीबायोटिक उपयोग का विवेकपूर्ण प्रबंधन, अनुसंधान तथा ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण पर आधारित बहु-विभागीय समन्वय को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

एचपीवी टीकाकरण और स्वस्थ यकृत मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले होंगे सम्मानित

एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत प्रदेश की लगभग 8.03 लाख पात्र किशोरियों को लक्षित किया गया था, जिनमें से 7.64 लाख से अधिक किशोरियों का सफल टीकाकरण कर प्रदेश ने लगभग 96 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है और देश के अग्रणी राज्यों में स्थान बनाया है।

वहीं, स्वस्थ यकृत मिशन के अंतर्गत जून 2025 से मार्च 2026 तक प्रदेश में 1 करोड़ 49 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। मिशन के तहत नॉन-अल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिजीज सहित विभिन्न यकृत रोगों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति व्यापक जन-जागरूकता भी विकसित की जा रही है।

No comments: