सेंट्रल जेल में गूंजी ईद की तकबीर, मुस्लिम बंदियों ने अदा की नमाज - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Thursday, May 28, 2026

सेंट्रल जेल में गूंजी ईद की तकबीर, मुस्लिम बंदियों ने अदा की नमाज


 अमन-शांति और बेहतर जिंदगी की दुआ, हिंदू कैदियों ने भी दी ईद की मुबारक बाद

बलपुर। सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल में ईद के मौके पर भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। जेल में बंद मुस्लिम समुदाय के कैदियों द्वारा विशेष नमाज अदा की गई, जिसमें जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। नमाज के दौरान पूरे परिसर में शांति, सौहार्द और इंसानियत का संदेश देखने को मिला।

जेल उपाधीक्षक मदन कमलेश ने जानकारी देते हुए बताया कि जेल में बंद मुस्लिम समुदाय के कैदियों ने ईद की नमाज अदा कर अल्लाह ताला से देश, शहर और समाज में अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी। साथ ही बंदियों ने यह संकल्प भी लिया कि भविष्य में वे ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे जिससे उन्हें दोबारा जेल आना पड़े।

उन्होंने बताया कि नमाज के दौरान कई बंदी भावुक भी नजर आए और उन्होंने अपने परिवारों की खुशहाली एवं बेहतर भविष्य की कामना की। जेल प्रशासन ने भी इस अवसर को सुधार और सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा।

ईद के इस मौके पर जेल में बंद हिंदू कैदियों ने भी मुस्लिम बंदियों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। जेल परिसर में आपसी भाईचारे और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बंदियों से मिलकर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में एक अच्छा एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

जेल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि यहां से रिहा होने के बाद बंदी समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर नागरिक बनेंगे। वहीं कुछ कैदियों के लिए यह कामना भी की गई कि अगली ईद वे अपने परिवार के साथ अपने घर में मनाएं।

No comments:

Post a Comment