जबलपुर में बेलगाम अपराध: मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, मदन महल क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, May 16, 2026

जबलपुर में बेलगाम अपराध: मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, मदन महल क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या

 डीजे और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े युवकों की पार्टी बनी मौत की वजह



संस्कारधानी जबलपुर में लगातार बढ़ते अपराध अब चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। शहर में आए दिन हत्या, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला मदन महल थाना क्षेत्र का है, जहां एक मामूली विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार मदन महल थाना अंतर्गत तीन पत्ती चौक, रोहाणी ट्रेवल्स और यूको बैंक के पास देर रात युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कपिल प्यासी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि डीजे और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े कुछ युवकों की एक पार्टी मदन महल क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में चल रही थी। पार्टी के दौरान रेस्टोरेंट के पीछे कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान कपिल प्यासी और अतुल प्यासी का अन्य युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

शराब के नशे में बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले गाली-गलौज हुई, फिर मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। हालांकि वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और दोनों पक्ष वहां से निकल गए।

लेकिन विवाद शांत होने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने बदला लेने की नीयत से कपिल और अतुल का पीछा करना शुरू कर दिया।

रास्ते में रोककर किया चाकू से हमला

जब कपिल और अतुल मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने तीन पत्ती चौक के पास यूको बैंक के सामने उन्हें रोक लिया। वहां दोबारा कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमलावरों ने कपिल की कमर के निचले हिस्से पर गहरा वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कपिल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह पूरी घटना देर रात करीब 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

हालांकि इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जबलपुर में लगातार हो रही हत्याओं और चाकूबाजी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बनता जा रहा है। कई इलाकों में देर रात खुलेआम शराबखोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

छोटी कहासुनी अब बन रही जानलेवा

शहर में छोटी-छोटी बातों पर हत्या जैसी घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था और अधिक सख्त होती, तो शायद ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।

पुलिस कर रही जांच

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment