प्रथम टुडे | सच की बात, सबके साथ
जबलपुर। देशभर में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। हर कुछ दिनों में ईंधन कीमतों में हो रही बढ़ोतरी का असर अब सीधे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर दिखाई देने लगा है। बढ़ती महंगाई के बीच वाहन चलाना भी लोगों के लिए महंगा साबित हो रहा है।
देश के कई राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर पहुंच चुका है, जबकि डीजल के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ता है, जिसका सीधा असर सब्जियों, राशन, दूध, निर्माण सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। यही कारण है कि आम जनता अब बढ़ती महंगाई को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर कर रही है।
लोगों का कहना है कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह असफल नजर आ रही है। आम नागरिकों के मुताबिक यदि इसी तरह पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते रहे तो आने वाले समय में पेट्रोल 125 से 150 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकता है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में भी ईंधन मूल्य वृद्धि को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार को घेरते हुए आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर आम लोग राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
यदि जबलपुर की बात करें तो शहर में पेट्रोल की कीमत 114 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है, जबकि डीजल भी 102 रुपए प्रति लीटर से अधिक बिक रहा है। लगातार बढ़ते दामों के कारण अब मध्यम वर्ग और रोजाना वाहन उपयोग करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आने वाले दिनों में महंगाई और अधिक बढ़ सकती है, जिसका असर हर घर के बजट पर दिखाई देगा।

No comments:
Post a Comment