बैरिकेड तोड़ कलेक्ट्रेट पहुंचने की कोशिश, वाटर कैनन के बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तार
जबलपुर। अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में युवक कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्ट्रेट घेराव का प्रयास किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही घंटाघर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी थी। जैसे ही युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें घंटाघर पर ही रोक लिया।
इस दौरान मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे और घंटाघर चौराहे पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अमेरिका ट्रेड डील को देश के व्यापारियों एवं युवाओं के हितों के खिलाफ बताया।
युवक कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह ट्रेड डील देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और युवाओं के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। उन्होंने सरकार से इस डील को वापस लेने की मांग की।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ों युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर अस्थायी जेल भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान घंटाघर क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस प्रशासन ने बाद में यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य किया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है, वहीं युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment