​5 करोड़ का लालच देकर 28 हजार की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, April 12, 2026

​5 करोड़ का लालच देकर 28 हजार की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

 

जबलपुर (बरगी): ठगी के एक सनसनीखेज मामले में बरगी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो 'बाबा' का भेष धरकर लोगों को करोड़ों की दौलत मिलने का झांसा देकर लूटते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 हजार रुपये नकद, एक बलेनो कार और मोबाइल जब्त किया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना 11 अप्रैल 2026 की रात की है। पवन कुमार पटेल (33 वर्ष), जो योधा सीमेंट फैक्ट्री में सुपरवाइजर हैं, अपने साथी चेतराम सरोते (60 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से सीमेंट खरीदने जा रहे थे। उनके पास सीमेंट के भुगतान के लिए 28 हजार रुपये थे।​नागपुर एनएच-34 पर खमरिया तिराहे के पास गुलाबी रंग की लुंगी और कुर्ता पहने एक व्यक्ति (कथित बाबा) ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बाबा ने भूख लगने का हवाला देकर पैसे मांगे। जब पवन ने 10 रुपये दिए, तो बाबा ने हाथ की सफाई और 'मंत्र' का सहारा लेकर उन्हें भ्रमित कर दिया।

5 करोड़ का झांसा और लूट

​बाबा ने पवन के सिर पर हाथ फेरकर दावा किया कि उन्हें 5 करोड़ रुपये मिलने वाले हैं। बाबा ने 'पैसों को शुद्ध करने' के बहाने पवन से 28 हजार रुपये अपने हाथ में ले लिए और देखते ही देखते पास ही खड़ी एक बलेनो कार (UP 14 DE 4939) में बैठकर फरार हो गया। कार में उसका एक साथी पहले से गेट खोलकर तैयार खड़ा था।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी

​ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने बरगी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने टीम गठित की।

​बरगी पुलिस ने तत्काल सिवनी कंट्रोल रूम को सूचना दी। आदेगांव (सिवनी) पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध बलेनो कार को रोका। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. नवीन नाथ (28 वर्ष) - निवासी पलवल, हरियाणा।
  2. विक्रम नाथ (36 वर्ष) - निवासी गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), उत्तर प्रदेश।

कार्रवाई और बरामदगी

​पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि ठगे गए 28 हजार में से 8 हजार रुपये उन्होंने खर्च कर दिए थे। पुलिस ने शेष 20 हजार रुपये, वारदात में प्रयुक्त कार और मोबाइल जब्त कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे, उप निरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक होमनलाल, आरक्षक सुधीर कुमार सिंह, अजय शर्मा, विपुल कुमार सिंह और आदेगांव पुलिस का विशेष योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment