प्रथम टुडे
जबलपुर/सिहोरा। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक वीडियो पोस्ट कर क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को सिहोरा पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर किसी अन्य स्थान का वीडियो पोस्ट कर उसे सिहोरा का बताकर “सिहोरा में फिर शुरू हुई लड़ाई” शीर्षक से वायरल करने का प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को शिवम कुमार श्रीवास (24) निवासी चौपड़ा ने थाना सिहोरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी वीडियो पोस्ट कर क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश की जा रही है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66(डी) और बीएनएस की धारा 223(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर आरोपी की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान साइबर सेल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंस्टाग्राम आईडी संचालक की पहचान अजय सिंह राजपूत (19) पिता अनिल सिंह राजपूत निवासी ग्राम पटना रोड थाना बहोरीबंद जिला कटनी के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय सिहोरा में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या गलत जानकारी पोस्ट या साझा न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को, आरक्षक नीरज चौरसिया, देवराज कौरव, आकाश सोनकर तथा सोशल मीडिया सेल के आरक्षक अभय सिंह, शुभम, अमरीश और महिला आरक्षक सुलेखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment