प्रथम टुडे
जबलपुर। भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद संस्कारधानी जबलपुर में देर रात तक जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने सड़कों पर उतरकर एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी का इजहार किया। लोगों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
शहर की हर प्रमुख सड़क पर दिखा जीत का जश्न
शहर के मालवीय चौक, कमानिया गेट, सराफा बाजार, गोरखपुर छोटी लाइन फाटक चौराहा और सदर क्षेत्र में देर रात तक युवाओं की टोलियां जश्न में डूबी नजर आईं। कई युवा अपनी एक्टिवा और मोटरसाइकिलों पर छोटे बैटरी से चलने वाले होम थिएटर लेकर पहुंचे थे, जिन पर देशभक्ति और क्रिकेट से जुड़े गीत बजते रहे और युवा पूरे जोश के साथ झूमते और नाचते दिखाई दिए।
जश्न के दौरान कई क्रिकेट प्रेमी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के पोस्टर और तिरंगे लेकर पहुंचे थे। कुछ युवाओं के हाथों में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के पोस्टर भी नजर आए, जिनके समर्थन में नारे लगाए गए।
विधायक के द्वारा लगाई गई थी बड़ी स्क्रीन
शहर के मालवीय चौक में स्थानीय विधायक अभिलाष पांडे द्वारा बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने मैच का आनंद लिया। भारत की जीत के बाद विधायक अभिलाष पांडे भी युवाओं और नागरिकों के साथ जश्न में शामिल हुए और उपस्थित सभी लोगों को भारतीय टीम की जीत की बधाई दी।पुलिस बल था तैनात
जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी।
युवाओं के उत्साह के बीच छोटे-छोटे बच्चे भी तिरंगा लहराते हुए नाचते-गाते दिखाई दिए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति और उत्साह से भर गया। शहर में देर रात तक ढोल-नगाड़ों, पटाखों और देशभक्ति के नारों के बीच भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया जाता रहा।


No comments:
Post a Comment