जबलपुर हाई कोर्ट परिसर में सनसनी: व्यक्ति भ्रूण जैसी वस्तु लेकर पहुंचा, पुलिस जांच जारी - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, March 9, 2026

जबलपुर हाई कोर्ट परिसर में सनसनी: व्यक्ति भ्रूण जैसी वस्तु लेकर पहुंचा, पुलिस जांच जारी

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर स्थित प्रिंसिपल बेंच के परिसर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति कथित रूप से भ्रूण जैसी संदिग्ध वस्तु लेकर पहुंच गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित व्यक्ति अपने पास पॉलिथीन में रखी खून से सनी एक वस्तु लेकर आया था, जो देखने में भ्रूण या मानव अंग जैसी प्रतीत हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने पॉलिथीन से उक्त वस्तु बाहर निकाल दी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना न्यायालय कक्ष के भीतर हुई या परिसर के किसी अन्य हिस्से में। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही हाई कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षा बल सक्रिय हो गए और सिविल लाइन तथा ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिया गया व्यक्ति रीवा जिले की बैकुंठपुर तहसील का रहने वाला बताया जा रहा है। उससे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ में सामने आया यह पक्ष

पुलिस को दी गई जानकारी में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि 1 मार्च को उसका सड़क दुर्घटना हो गया था, जब वह अपनी ससुराल से घर लौट रहा था। उसके अनुसार उसी दौरान उसकी पत्नी को पेट में दर्द शुरू हुआ था। आगे उसने बताया कि 7 मार्च को पत्नी को ब्लीडिंग हुई और 8 मार्च को गर्भपात (मिसकैरेज) हो गया।

हालांकि पुलिस द्वारा पत्नी से की गई बातचीत में अलग जानकारी सामने आई है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसे पहले से ही पेट दर्द की समस्या हो रही थी और उसने इसके लिए दवा भी ली थी। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

करियापाथर श्मशान घाट में कराया गया दफन

पुलिस द्वारा जब्त की गई संदिग्ध सामग्री को आवश्यक प्रक्रिया के बाद शहर के करियापाथर श्मशान घाट में दफना दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद हाई कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई तथा आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

No comments:

Post a Comment