प्रथम टुडे जबलपुर , 14 फरवरी
भेड़ाघाट क्षेत्र में फूड प्वाइजनिंग की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मिठाई की जांच शुरू कर दी है। एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने भेड़ाघाट चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को एक धार्मिक कार्यक्रम के लिए कुछ लोगों द्वारा बीकानेर स्वीट्स से मिष्ठान खरीदा गया था, जिसमें पिस्ता बर्फी भी शामिल थी। पूजा के बाद जब प्रसाद के रूप में मिठाई वितरित की गई, तो उसे खाने वाले कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों में उल्टी, पेट दर्द और फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई देने पर उनका उपचार कराया गया।
घटना की शिकायत खाद्य सुरक्षा प्रशासन को मिलने के बाद अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण कर पिस्ता बर्फी का नमूना संग्रहित किया। नमूने को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी खाद्य पदार्थ के सेवन के बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें और संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

No comments:
Post a Comment