जबलपुर, 14 फरवरी 2026।
पनागर थाना क्षेत्र में मिली अज्ञात महिला की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले का दूसरा आरोपी पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है। हत्या का कारण अवैध संबंध और घटना उजागर होने का भय सामने आया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम हरि उर्फ मुकेश सिंह परस्ते पिता हरिदीन परस्ते (33 वर्ष) निवासी ग्राम कठौतिया थाना नौरोजाबाद जिला उमरिया है, जो वर्तमान में ग्राम मुढ़िया स्थित लखन पटेल के खेत के पम्प हाउस में रह रहा था।
ऐसे सामने आया मामला
थाना प्रभारी पनागर विपिन ताम्रकार को 12 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम मुढ़िया की नहर के पास एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में नहर में मिला।
मृतका की पहचान सुलोचना धुर्वे (30 वर्ष) निवासी ग्राम हाड़ापानी थाना कुंडम के रूप में हुई। मृतका के पति श्याम धुर्वे ने बताया कि उसकी पत्नी 10 जनवरी की शाम पनागर बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। तलाश के बाद 12 जनवरी को नहर में उसका शव मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी से मिला सुराग
पुलिस टीम ने पनागर बाजार और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मृतका एक लाल जैकेट पहने युवक के साथ घूमते और बाद में ऑटो से ग्राम नयागांव की ओर जाते दिखाई दी।
जांच में उक्त युवक की पहचान हरि उर्फ मुकेश परस्ते के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरी घटना का खुलासा हुआ।
शराब पार्टी के बाद हत्या
पूछताछ में सामने आया कि मुकेश के दोस्त मोनू उर्फ महेश मार्को के मृतका से अवैध संबंध थे। 10 जनवरी को दोनों आरोपियों ने मृतका को पनागर से शराब और मुर्गा खरीदकर खेत स्थित पम्प हाउस में बुलाया।
वहां शराब पार्टी के दौरान दोनों ने मृतका के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद जब मृतका ने पुलिस और परिवार को बताने की बात कही, तो दोनों घबरा गए।
पकड़े जाने के डर से मुकेश ने उसका गला दबाया और मोनू ने हाथ-पैर पकड़कर हत्या में सहयोग किया। इसके बाद शव को ग्राम मुढ़िया की सूखी नहर में फेंक दिया गया। आरोपियों ने मृतका का बैग, साड़ी और चप्पल जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास भी किया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा मेडिकल में भर्ती
पुलिस ने आरोपी मुकेश की निशानदेही पर लाल जैकेट, मोबाइल, जले सामान के अवशेष और मृतका की चूड़ियों के टुकड़े बरामद कर उसे 13 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वहीं दूसरे आरोपी मोनू उर्फ महेश मार्को ने पुलिस को आता देख कथित रूप से कीटनाशक पी लिया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनागर से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी पनागर विपिन ताम्रकार, उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, उप निरीक्षक आकाश सिंह राजपूत, उप निरीक्षक प्रियंका मेहरा, सहायक उप निरीक्षक रामसनेही शर्मा, वीरेंद्र सिंह, संजय मिश्रा तथा आरक्षक विवेक चौधरी, द्वारिका मिश्रा और दिलीप गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment