बिना रॉयल्टी की रेत लेकर जा रहा था डंपर, ऑर्डर पर सप्लाई का खुलासा
प्रथम टुडे
जबलपुर। अवैध रेत के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खितौला पुलिस ने डंपर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डंपर में चोरी की रेत लोड पाई गई, जिसे बिना किसी वैध दस्तावेज के सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि झिंगरई की ओर से एक डंपर में अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झिंगरई चौराहे पर घेराबंदी कर दबिश दी। कुछ ही देर में डंपर क्रमांक एमपी 20 जीए 2144 आता दिखाई दिया, जिसे रोककर जांच की गई।
डंपर चालक ने अपना नाम रामकृपाल बर्मन (40 वर्ष), निवासी ग्राम जुनवानी कला, खितौला बताया। जब उससे रेत के संबंध में रॉयल्टी और दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह रंजीत पटेल (29 वर्ष), निवासी ग्राम झिंगरई के कहने पर चोरी की रेत भरकर ऑर्डर पर सप्लाई करने ले जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने रंजीत पटेल को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि वह चोरी की रेत को घर के पास स्टॉक कर ऑर्डर के अनुसार डंपर के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर भेजता था।
पुलिस ने आरोपी रामकृपाल बर्मन के कब्जे से डंपर सहित रेत जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130/177(3) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य ओमप्रकाश, धनेश्वर सिंह और चालक रमेश रैदास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

No comments:
Post a Comment