190 स्थान चिह्नित, अब तक 53 लोकेशन पर 156 कैमरे स्थापित
जबलपुर।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत थाना स्तर पर गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं ताकि जनसहयोग से प्रभावी निगरानी व्यवस्था तैयार की जा सके।
जनसहयोग से तय होंगे लोकेशन
निर्देशों के बाद थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्र में बैठकों का आयोजन कर नागरिकों से संवाद स्थापित किया। बैठक के दौरान मिले सुझावों के आधार पर सीसीटीवी लगाने के स्थान तय किए गए और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
190 स्थान चिह्नित, 756 कैमरे प्रस्तावित
अभियान के तहत अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में 190 स्थानों को संवेदनशील चिह्नित किया जा चुका है, जहां 756 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है।
53 स्थानों पर लग चुके 156 कैमरे
पुलिस विभाग ने कुछ क्षेत्रों में कैमरे लगाने का कार्य भी पूरा कर लिया है। अब तक 53 लोकेशन पर कुल 156 कैमरे लगाए जा चुके हैं। शेष स्थानों पर जल्द ही कैमरे स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी नेटवर्क तैयार होने के बाद अपराध नियंत्रण, दुर्घटना मॉनिटरिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment