खौफनाक रहस्य: नीले ड्रम में मिला युवक का शव, पत्नी-बच्चों और मकान मालिक का बेटा लापता - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, August 18, 2025

खौफनाक रहस्य: नीले ड्रम में मिला युवक का शव, पत्नी-बच्चों और मकान मालिक का बेटा लापता

 


प्रथम टुडे |  18 अगस्त

राजस्थान के खैरथल-तिजारा ज़िले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। एक मकान की छत पर रखे नीले प्लास्टिक ड्रम में युवक की लाश मिली है, और शव पर नमक डालकर उसे गलाने की कोशिश की गई थी। मृतक युवक की पहचान शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी हंसराम उर्फ सूरज के रूप में हुई है।

नीले ड्रम में छिपा खून का राज

यह घटना रविवार दोपहर की है, जब किशनगढ़बास की आदर्श कॉलोनी में रहने वाली मिथिलेश शर्मा को अपने घर से तेज बदबू आने लगी। मिथिलेश ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो छत पर रखे एक नीले ड्रम के अंदर युवक का शव मिला, जिसका गला धारदार हथियार से रेता गया था।

परिवार समेत रह रहा था किराए पर, अब सब लापता

मृतक हंसराम पिछले डेढ़ महीने से इसी मकान में किराए से रह रहा था। उसके साथ उसकी पत्नी सुनीता और तीन बच्चे भी रहते थे। वह पास ही के ईंट-भट्टे में मजदूरी करता था। लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि शनिवार से न तो उसकी पत्नी और बच्चे दिखाई दे रहे हैं, और न ही मकान मालिक राजेश शर्मा का बेटा जितेंद्र।

किराए पर दिलाने वाला भी गायब

पुलिस जांच में सामने आया कि हंसराम को यह कमरा जितेंद्र शर्मा ने ही किराए पर दिलवाया था। जितेंद्र और हंसराम अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी की मौत 12 साल पहले हो चुकी है। शनिवार से जितेंद्र का भी कोई अता-पता नहीं है।

जन्माष्टमी पर गई महिला लौटी तो गायब थे सब

मिथिलेश ने पुलिस को बताया कि जन्माष्टमी के दिन वह बाजार गई थीं, और लौटने पर सुनीता व बच्चों को घर में नहीं पाया। शाम तक जितेंद्र भी वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह जब बदबू और तेज़ हो गई, तब जाकर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, कई एंगल पर काम जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किसने की, और लापता लोग किस हालत में हैं। क्या यह मामला घरेलू कलह का है या साजिशन हत्या – इस सवाल का जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

No comments:

Post a Comment