प्रथम टुडे जबलपुर।
जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाटन पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 400 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, वहीं एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। शराब की तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार भी जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही करें।
इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में थाना पाटन की टीम ने मुखबिर की सूचना पर डूडी तिराहे में दबिश दी। सूचना के अनुसार सिल्वर रंग की बलेनो कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 7665 में भारी मात्रा में अवैध शराब परिवहन की जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी की तो कार चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर कटरा बेलखेड़ा की ओर भागा।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर कार चालक ने धमनी मोड़ से पहले बबूल के पेड़ से वाहन टकरा दिया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और रुक गई। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि कार में सवार एक अन्य युवक को पकड़ा गया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम शेखर सेन पिता रामू सेन, उम्र 23 वर्ष, निवासी आकाश विहार कॉलोनी, थाना विजयनगर बताया। उसने फरार चालक का नाम गोविन्द शर्मा, निवासी घड़ी चौक विजयनगर बताया। कार की तलाशी लेने पर सीटों के बीच रखी दो बोरियों में कुल 400 पाव देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये है, बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी शेखर सेन के कब्जे से शराब और बलेनो कार को जप्त करते हुए उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी गोविन्द शर्मा की तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भरत सिंह, जितेन्द्र दुबे, आरक्षक धनंजय, वीरेन्द्र, गंगाराम एवं अनुराग की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment