दो युवक अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार, देसी पिस्टल, कट्टा, 5 कारतूस और एक्टिवा जब्त - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, August 22, 2025

दो युवक अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार, देसी पिस्टल, कट्टा, 5 कारतूस और एक्टिवा जब्त

 


प्रथम टुडे जबलपुर, 22 अगस्त। 

पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है। दोनों मामलों में थाना सिविल लाइन और थाना भेड़ाघाट की पुलिस टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई की।

घटना क्रमांक सिविल लाइन थाने की कार्यवाही

थाना प्रभारी अनूप नामदेव ने बताया कि आज रात 22 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीएसएनएल बिल्डिंग के सामने एक युवक सफेद एक्टिवा पर देसी पिस्टल लिए किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी।

बताए गए हुलिए का युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और एक्टिवा से गिर पड़ा। घेराबंदी कर पकड़े गए युवक ने अपना नाम मोहम्मद दानिश (उम्र 20 वर्ष), निवासी नई बस्ती गोहलपुर, वर्तमान पता अहमद नगर थाना कुटला जिला कटनी बताया। उसकी तलाशी लेने पर एक्टिवा की डिक्की से 1 देसी पिस्टल और पैंट की जेब से 3 कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के पास से एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एसजे 8786 भी जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है और यह जांच की जा रही है कि उसे ये हथियार कहां से और कैसे प्राप्त हुए।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक इंदल सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक अनिल तिवारी और आरक्षक प्रदीप गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।

भेड़ाघाट थाना पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के अनुसार, 21 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरस्वती घाट के पास एक युवक कमर में कट्टा लगाए किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी, जहां हुलिए के अनुसार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर पकड़े जाने पर उसने अपना नाम साहिल चड़ार (उम्र 18 वर्ष), निवासी गड़र पिपरिया बताया। तलाशी लेने पर उसके कमर से एक देशी कट्टा और कपड़े की जेब से 2 कारतूस बरामद हुए।

आरोपी के खिलाफ भी धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। हथियारों की आपूर्ति को लेकर पूछताछ जारी है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अजय झारिया, प्रधान आरक्षक राकेश रावत और आरक्षक राजेश धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment