अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार: देशी पिस्टल, 2 मैगजीन और 10 कारतूस बरामद - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, August 25, 2025

अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार: देशी पिस्टल, 2 मैगजीन और 10 कारतूस बरामद

 


प्रथम टुडे जबलपुर। 

शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बेलबाग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक युवक को देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस के साथ मौके से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई, जिन्होंने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इस अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आनंद कलादगी (भा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती श्री सोनू कुर्मी द्वारा की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश

थाना प्रभारी बेलबाग श्री राजकुमार खटीक ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 25 अगस्त 2024 की रात को पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध युवक बाई के बगीचे के पास स्थित सामुदायिक भवन के पास अवैध हथियार के साथ खड़ा है। युवक काले रंग की पैंट और आसमानी-सफेद चैकदार शर्ट पहने हुए था।

सूचना मिलते ही थाना बेलबाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पुलिस को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पिस्टल कमर में, कारतूस जेब में

पकड़े गए युवक ने अपना नाम फजले रब उर्फ फैज पिता आरिफ अंसारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी मेन रोड, अंधेरदेव मस्जिद के पास, थाना कोतवाली बताया। तलाशी लेने पर उसके कमर में एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में 5 कारतूस लोड थे। वहीं, उसकी पैंट की दाहिनी जेब से एक और मैगजीन बरामद हुई, जिसमें 5 और कारतूस भरे हुए थे।

इस तरह कुल 1 देशी पिस्टल, 2 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस आरोपी के कब्जे से बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए हथियारों की सप्लाई और स्रोत के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

 इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुरेश मिश्रा, अतुल राजवैध, आरक्षक घनश्याम प्रसाद चौधरी, मोहित राजपूत, अनुराग एवं सैनिक सत्यम बिलौहा की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने सतर्कता और साहस के साथ आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता पाई।

No comments:

Post a Comment