प्रथम टुडे जबलपुर। नगर निगम द्वारा नगरीय सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। निगमायुक्त प्रीति यादव के निर्देश पर नगर निगम की कॉलोनी सेल ने शनिवार को एक और अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
कॉलोनी सेल के प्रभारी सुनील दुबे ने जानकारी दी कि त्रिपुरी वार्ड क्रमांक 03 के मौजा पुरवा, खसरा नंबर 774/2 की भूमि पर शास्त्री नगर चौराहे के पास कमला बाई पटैल द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। नियमानुसार अनुमति लिए बिना प्लॉटिंग और निर्माण किया जा रहा था, जिसकी शिकायत पर नगर निगम ने पहले नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई जवाब प्राप्त नहीं होने पर निगम ने कार्रवाई करते हुए आज उक्त अवैध निर्माण को पूरी तरह से ढहा दिया।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनी सेल के उपयंत्री मनोज तिवारी, समयपाल नीतेश जैन, मुकुल तिवारी सहित अतिक्रमण शाखा के प्रभारी चन्ना कोरी और बृजकिशोर तिवारी की टीम मौजूद रही।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध रूप से कॉलोनियों का निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बिना अनुमति के विकास कार्यों के विरुद्ध निरंतर सख़्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

No comments:
Post a Comment