रात 9 बजे नेहरू नगर कंचनपुर की घटना, चार युवकों ने मिलकर धारदार हथियार से किया हमला
घायल युवक वेंटिलेटर पर, अधारताल पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ दर्ज किया मामला
प्रथम टुडे जबलपुर :-- अधारताल (प्रतिनिधि)। शहर के नेहरू नगर कंचनपुर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल युवक को तत्काल वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात सोमवार रात करीब 9:00 बजे की है, जब राज साहिल नामक युवक अपने बीमार पिता के लिए कंबल लेने नेहरू नगर गया हुआ था। कंबल लेकर जब वह वापस लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने उस पर पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हमलावरों में राजेंद्र कोल, यशु कोल सहित दो अन्य युवक शामिल थे। सभी ने मिलकर राज साहिल पर पीछे से हमला कर सिर व शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाई। खून से लथपथ हालत में उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को बेहद नाजुक बताया और वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया।
मामा संजू ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका
घायल युवक के मामा संजू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि,
राज के एक दोस्त का झगड़ा कुछ दिन पहले हमलावर राजेंद्र कोल के पिता से हुआ था, जिसमें राजेंद्र के पिता घायल हुए थे। संभवतः उसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया है।”
उन्होंने यह भी बताया कि उनका भांजा राज किसी भी तरह की रंजिश में शामिल नहीं था और वह केवल पिता के लिए कंबल लाने गया था।
थाना प्रभारी का कहना
इस पूरे मामले में अधारताल थाना प्रभारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि:
घटना में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 109, 307 सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और इलाके में दबिश दी जा रही है।”
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि अन्य संभावित धाराएं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जोड़ी जाएंगी और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है
अधारताल क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाएं अब पुलिस और प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
-
No comments:
Post a Comment