अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान: क्राइम ब्रांच ने जबलपुर में 5 किलो गांजा किया जप्त - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, June 21, 2025

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान: क्राइम ब्रांच ने जबलपुर में 5 किलो गांजा किया जप्त


उड़ीसा से लाई गई थी खेप, जबलपुर निवासी युवक और उड़ीसा निवासी महिला गिरफ्तार


प्रथम टुडे जबलपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 12 जून से 26 जून तक चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत क्राइम ब्रांच की टीम ने 5 किलो गांजा जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) श्री आनंद कलांदगी (आईपीएस) के निर्देशन और निरीक्षक श्री शैलेश मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक और एक महिला अवैध रूप से गांजा लेकर गोहलपुर थाना क्षेत्र में किसी को बेचने की फिराक में हैं।

मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित घेराबंदी कर मौके से दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान चार बड़े और दो छोटे पैकेट में कुल 5 किलो गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान रोहित कनौजिया निवासी नई बस्ती, गोहलपुर, जबलपुर के रूप में हुई है, जबकि महिला की पहचान सतानागा पति प्रफुल्ल लोग, उम्र 34 वर्ष, निवासी जिला सोनपुर, उड़ीसा के रूप में की गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि यह मादक पदार्थ उड़ीसा से लाया गया था और जबलपुर में इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह गांजा शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

ज्ञात हो कि विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इससे पहले भी कई गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है, साथ ही आधारताल क्षेत्र से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन भी जब्त किए जा चुके हैं। अब क्राइम ब्रांच की नजर विशेष रूप से उन तस्करों पर है जो राज्य की सीमाओं को पार करके नशे की खेप जबलपुर ला रहे हैं।

उपरोक्त कार्रवाई में ए एस आई प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक राजेश पांडे, रुस्तम अली, अखिलेश पांडे,अटल जन्गेला आरक्षक गोविंद राय, विनय सिंह  साइबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, आरक्षक अरविंद रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

जांच जारी है और पुलिस आरोपियों से पूरे नेटवर्क की जानकारी निकालने की कोशिश कर रही है।

No comments:

Post a Comment