'मन की बात' में पीएम मोदी ने कहा - ऑपरेशन सिंदूर बदलते भारत की पहचान, आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है देश
प्रथमटुडे डिजिटल डेस्क | 26 मई 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। इस बार का कार्यक्रम खास रहा क्योंकि इसमें उन्होंने हाल ही में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारतीय सेना की वीरता को विशेष रूप से सराहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, आक्रोश और संकल्प से भरा हुआ है। 'ऑपरेशन सिंदूर' सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत के साहस, आत्मनिर्भरता और बदलती रणनीतिक सोच का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने जिस साहस और रणनीति के साथ आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया, वह हर नागरिक को गर्व से भर देता है।
‘आत्मनिर्भर भारत’ की झलक
पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में इस्तेमाल हुए स्वदेशी हथियारों और तकनीक की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान में देश के इंजीनियरों, तकनीशियनों और वैज्ञानिकों का भी अहम योगदान रहा। यह मिशन 'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम है।
देशभर में देशभक्ति की लहर
प्रधानमंत्री ने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पूरे देश में देशभक्ति की लहर दौड़ गई। तिरंगा यात्राएं, कविताएं, पेंटिंग्स, संकल्प गीत—हर माध्यम से लोगों ने इस अभियान का स्वागत किया। उन्होंने बीकानेर यात्रा के दौरान बच्चों द्वारा दी गई एक पेंटिंग का उल्लेख भी किया, जो उन्हें काफी प्रेरणादायक लगी।
बच्चों को दिया ‘सिंदूर’ नाम
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि इस अभियान से प्रभावित होकर कई परिवारों ने अपने नवजात बच्चों का नाम ‘सिंदूर’ रखा। बिहार के कटिहार और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जैसे क्षेत्रों से इस प्रकार की खबरें आई हैं।
‘मन की बात’ का वैश्विक विस्तार
बताते चलें कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी। यह न सिर्फ भारत की विभिन्न भाषाओं में बल्कि 11 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में भी प्रसारित होता है, जिससे यह कार्यक्रम वैश्विक स्तर पर भारत की आवाज़ बन गया है।
No comments:
Post a Comment