स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा की स्मृति में केंद्रीय जेल में बनेगा नया सभा भवन - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, July 4, 2026

स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा की स्मृति में केंद्रीय जेल में बनेगा नया सभा भवन

 

जबलपुर। केंद्रीय जेल जबलपुर परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकमत पत्र समूह के संस्थापक स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा (बाबूजी) की स्मृति में बनने वाले ‘स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा सभा भवन’ का शनिवार को शिलान्यास किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकमत पत्र समूह के एडिटर-इन-चीफ एवं महाराष्ट्र शासन के पूर्व उद्योग मंत्री राजेंद्र दर्डा ने की। इस अवसर पर सांसद अशोक रोहाणी, विधायक श्रीमती स्वाति सदानंद गोडबोले, पूर्व महापौर तथा केंद्रीय जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। मंत्री प्रहलाद पटेल और सांसद अशोक रोहाणी ने कुदाल चलाकर सभा भवन के निर्माण कार्य की शुरुआत की।

समारोह में वक्ताओं ने स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को स्मरण करते हुए बताया कि वे महात्मा गांधी के आह्वान पर मात्र 17 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए थे। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने पर उन्हें लगभग एक वर्ष नौ माह तक कारावास में रहना पड़ा। जेल में रहते हुए भी उन्होंने युवा कैदियों में देशभक्ति और स्वतंत्रता की चेतना जगाने का कार्य किया।

जेल प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित सभा भवन लगभग पांच हजार वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित होगा, जिसमें करीब 400 बंदियों के बैठने की क्षमता रहेगी। वर्तमान में केंद्रीय जेल में स्थित सुभाष सभागार की क्षमता लगभग 100 बंदियों की है। नए सभागार में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के संयोजन में उप जेल अधीक्षक मदन कमलेश और लोकमत पत्र समूह के संजय परोहा का विशेष सहयोग रहा। अंत में केंद्रीय जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments: