गोली की आवाज से दहला पूरा परिसर
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित डॉक्टर भंडारी अस्पताल के समीप राजल डुप्लेक्स में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान से लगातार गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। जब लोगों ने संबंधित मकान में जाकर देखा तो एक युवक और एक युवती खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने पास जाकर देखा तो दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
ब्यूटी पार्लर का सामान लेने आई थी युवती
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत युवती की पहचान शक्ति कोहली के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय करती थी और राजल डुप्लेक्स में अपना नया ब्यूटी पार्लर शुरू करने की तैयारी कर रही थी। कुछ समय पहले उसने यहां अपना सामान भी रखवा दिया था। स्थानीय स्तर पर हुए विरोध के कारण वह यहां अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर सकी थी। सोमवार को वह अपना रखा हुआ सामान वापस लेने के लिए वहां पहुंची थी।
विवाद के बाद चली गोली
बताया जाता है कि इसी दौरान दीपेश राठौर भी मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वीरेंद्र ने कथित तौर पर शक्ति को गोली मार दी। इसके बाद उसने स्वयं को भी गोली मार ली। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
साथ काम करने की थी योजना
जानकारी के अनुसार दीपेश राठौर फूटा ताल क्षेत्र का निवासी था और इंटीरियर डेकोरेशन का काम करता था। सूत्रों के मुताबिक दोनों एक समय साथ मिलकर ब्यूटी पार्लर और इंटीरियर से जुड़े व्यवसाय की योजना बना रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ी थीं और भविष्य में संयुक्त रूप से काम शुरू करने की चर्चा थी।
आपराधिक प्रवृत्ति की जानकारी के बाद बढ़ीं दूरियां
सूत्रों के अनुसार कुछ समय बाद शक्ति को दीपेश की कथित आपराधिक प्रवृत्ति और उसके विवादित मामलों की जानकारी मिली। इसके बाद उसने उससे दूरी बनाना शुरू कर दिया था। बताया जाता है कि शक्ति ने अपना व्यवसाय अलग से संचालित करने का निर्णय ले लिया था और विजयनगर क्षेत्र में नया स्थान भी तय कर लिया था। जानकारी के अनुसार उसने वहां एक फ्लैट भी ले रखा था और शीघ्र ही अपना नया ब्यूटी पार्लर शुरू करने की तैयारी कर रही थी।
पहले भी हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। कुछ लोगों ने दावा किया कि शक्ति ने इस संबंध में विजयनगर पुलिस से शिकायत भी की थी, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पुराने विवादों और दोनों के बीच संबंधों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
कमरे में मिले दोनों शव
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मकान को सील कर जांच शुरू कर दी। दोनों शव एक ही कमरे में पड़े मिले। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
दोनों के बीच थे प्रेम संबंध, पिछले एक माह से पति से अलग रह रही थी शक्ति
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक दीपेश राठौर और शक्ति कोहली के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। दोनों एक-दूसरे के काफी करीब थे और व्यावसायिक रूप से भी साथ काम करने की योजना बना रहे थे। बताया जाता है कि पिछले कुछ समय से दोनों के संबंधों में खटास आ गई थी, जिसके बाद शक्ति ने वीरेंद्र से दूरी बनाना शुरू कर दिया था।
जानकारी यह भी सामने आई है कि शक्ति अपने पति से पिछले लगभग एक माह से अलग रह रही थी। बताया जाता है कि उसका पति वर्तमान में कटनी में रह रहा है। हालांकि पति-पत्नी के बीच अलगाव की परिस्थितियों और इसके कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

No comments:
Post a Comment