जबलपुर | संवाददाता
बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज़ हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जबलपुर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री दोपहर बाद करीब 4 बजे भोपाल से डुमना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सीधे पीड़ित परिवारों के घर रवाना हुए।
सबसे पहले मुख्यमंत्री खमरिया क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने कुकलाझी मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इसके बाद वे सिविल लाइन क्षेत्र में होटल जंक्शन के पास स्थित सैयद परिवार के घर पहुंचे, जहां हादसे में एक सदस्य की मृत्यु हुई थी। मुख्यमंत्री ने यहां भी परिजनों के साथ समय बिताकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री दरहाई क्षेत्र, कोतवाली थाना परिसर के पीछे स्थित सोनी परिवार के घर पहुंचे, जहां एक महिला की इस हादसे में दुखद मृत्यु हुई है। उन्होंने परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ मध्य प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक अशोक रोहाणी भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने सभी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री बरगी डैम के घटनास्थल के लिए रवाना हो गए, जहां वे हालात का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

No comments:
Post a Comment