रमजान में 156 कैदी रख रहे रोजा, जेल प्रशासन बोला – ईद भी मनाई जाएगी
आपसी भाईचारे के साथ
जबलपुर।होली के पावन अवसर पर जबलपुर स्थित सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल में रंगों और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जेल परिसर में कैदियों और जेल अधिकारियों ने मिलकर अबीर-गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे परिसर में भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बना रहा।
कैदियों के लिए की गई थी विशेष व्यवस्था
होली के मौके पर कैदियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। कैदियों को रंग-गुलाल उपलब्ध कराया गया, वहीं उनके परिजनों की ओर से भेजी गई मिठाइयाँ भी जेल प्रशासन के माध्यम से कैदियों तक पहुंचाई गईं। कई कैदियों की बहनों द्वारा स्नेह के प्रतीक के रूप में भेजी गई मिठाइयाँ भी उन्हें दी गईं, जिससे कैदियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इस अवसर पर जेल उपाधीक्षक मदन कमलेश ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कैदियों के साथ होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया है। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन का प्रयास रहता है कि सभी प्रमुख त्योहारों को कैदियों के साथ सकारात्मक माहौल में मनाया जाए, जिससे उनके भीतर सामाजिक और मानवीय भावनाएं बनी रहें।
156 कैदी रमजान में रख रहे हैं रोजा
उन्होंने बताया कि वर्तमान में रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है, जिसमें जेल में बंद 156 मुस्लिम कैदी रोजा रख रहे हैं। जेल प्रशासन की ओर से रोजेदार कैदियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि वे अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें।
मदन कमलेश ने कहा कि जिस तरह होली का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया है, उसी तरह आने वाले ईद के पर्व को भी जेल में धूमधाम और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाएगा। जेल प्रशासन सभी धर्मों के त्योहारों को समान महत्व देता है और कैदियों के बीच सामाजिक समरसता बनाए रखने का प्रयास करता है।

No comments:
Post a Comment