कोर्ट के आदेश पर मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, 714 परिवारों का सर्वे जारी - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, March 7, 2026

कोर्ट के आदेश पर मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, 714 परिवारों का सर्वे जारी

 

जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई; पात्र परिवारों के पुनर्वास पर विचार, रानी दुर्गावती के भव्य स्मारक का रास्ता होगा साफ


प्रथम टुडे 

जबलपुर की ऐतिहासिक धरोहर मानी जाने वाली मदन महल पहाड़ी पर वर्षों से बने अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सर्वे और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मदन महल पहाड़ी पर अतिक्रमण को लेकर वर्ष 2010 में हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर प्रशासन ने वर्ष 2021 के पूर्व किए गए सर्वे के आधार पर लगभग 18 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था।

कलेक्टर ने बताया कि इसके बाद भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण बने रहने की शिकायतें सामने आई थीं, जिस पर हाई कोर्ट ने जिला प्रशासन को शेष बचे अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में प्रशासन द्वारा नगर निगम के सहयोग से क्षेत्र का पुनः सर्वे किया जा रहा है।

714 परिवारों का सर्वे, पात्रों के पुनर्वास पर विचार

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक सर्वे में करीब 714 परिवारों के अतिक्रमण क्षेत्र में रहने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन द्वारा इन सभी परिवारों की स्थिति और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास वैध पट्टे या पात्रता संबंधी दस्तावेज पाए जाएंगे, उन्हें शासन की नीति के अनुसार कहीं अन्यत्र विस्थापित करने पर विचार किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करना अवैध है, फिर भी प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।

प्रभावशाली अतिक्रमणों की भी होगी जांच

पत्रकारों द्वारा यह प्रश्न भी उठाया गया कि पूर्व में कुछ ऐसे अतिक्रमणों को नहीं हटाया गया था जिनके बारे में यह कहा जाता रहा कि वे राजनीतिक या प्रभावशाली लोगों से जुड़े हैं, जिनमें होटल और अन्य व्यावसायिक निर्माण भी शामिल हैं।

इस पर कलेक्टर ने कहा कि सभी अतिक्रमणों का पुनः सर्वे कराया जा रहा है और यदि जांच में कोई भी निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में पाया जाता है तो उस पर भी समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखने की बात

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की सामाजिक या धार्मिक संवेदनशीलता प्रभावित न हो।

बनेगा रानी दुर्गावती का भव्य स्मारक

कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन की योजना के तहत मदन महल पहाड़ी क्षेत्र में रानी दुर्गावती का भव्य स्मारक बनाए जाने का प्रस्ताव है। अतिक्रमण हटने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

No comments:

Post a Comment