प्रथम टुडे
जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों पर नकेल कसने चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक शातिर बदमाश को पिस्टल और कारतूस सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में थाना हनुमानताल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशन चौधरी (23 वर्ष), निवासी करिया स्कूल के पीछे हनुमानताल, को पिस्टल और एक कारतूस सहित पकड़ा।
थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाषचंद बघेल के अनुसार, 14 जनवरी की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कब्रिस्तान गेट नंबर-1 के अंदर एक युवक पिस्टल लिए संदिग्ध स्थिति में खड़ा है और किसी गंभीर वारदात की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां बताये गए हुलिये का युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर युवक की कमर के पीछे एक पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में एक कारतूस लोड पाया गया। आरोपी से हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार आरोपी को कहां से और कैसे मिला।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक अपराधी प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ जुआ, मारपीट, अवैध वसूली एवं आबकारी एक्ट सहित कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विनीत श्रीवास, अजय डबराल, सादिक अली तथा आरक्षक ब्रजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment