नशे के सौदागरों पर जबलपुर पुलिस का शिकंजा - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, June 27, 2025

नशे के सौदागरों पर जबलपुर पुलिस का शिकंजा


गांजा तस्करी और इंजेक्शन सप्लाई में लिप्त 14 आरोपी गिरफ्तार, 84 किलो गांजा और 2128 नशीले इंजेक्शन जब्त


 प्रथम टुडे जबलपुर

जबलपुर पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सप्ताह में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 12 जून से 26 जून 2025 तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।

अभियान की कमान संभाली वरिष्ठ अफसरों ने

पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देशन में यह अभियान क्रियान्वित किया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 समर वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा द्वारा की गई। इनके मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षकों और समस्त अनुभागीय थाना प्रभारियों को मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।

क्राइम ब्रांच और थानों की संयुक्त कार्रवाई

शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के थानों के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। विशेष रूप से क्राइम ब्रांच निरीक्षक शैलेश मिश्रा और उनकी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारी कीं और भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए।

जब्त सामग्री और गिरफ्तार आरोपी

 गांजा तस्करी में लिप्त 11 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनके पास से कुल 84 किलो 865 ग्राम गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 16 लाख 97 हजार रुपये आंकी गई है।

 नशीले इंजेक्शन के कारोबार में लिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2128 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त किए गए।

लगातार जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिले में नशे के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के उद्देश्य से पुलिस, विशेष शाखा और खुफिया एजेंसियों के समन्वय से कार्रवाई की जा रही है।







No comments:

Post a Comment