कंचनपुर में घायल युवक की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने अधारताल थाने का किया घेराव - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, June 15, 2025

कंचनपुर में घायल युवक की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने अधारताल थाने का किया घेराव

 


 प्रथम टुडे जबलपुर अधारताल थाना क्षेत्र के नेहरू नगर कंचनपुर इलाके में हुए जानलेवा हमले में घायल युवक की मौत के बाद शनिवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने अधारताल थाने का घेराव कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हमले में शामिल कुछ लोगों को पुलिस संरक्षण दे रही है, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे राज साहिल नामक युवक अपने बीमार पिता के लिए कंबल लेने नेहरू नगर गया था। कंबल लेकर लौटते समय घात लगाए चार युवकों ने उस पर पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में राज साहिल के सिर, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह तीन दिन तक वेंटिलेटर पर रहा। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

घायल युवक के मामा संजू ने बताया कि कुछ दिन पहले राज के एक मित्र का झगड़ा आरोपी राजेंद्र कोल के पिता से हुआ था, जिसमें राजेंद्र के पिता घायल हो गए थे। संभवतः उसी रंजिश के चलते राज पर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया कि राज साहिल का इस झगड़े से कोई लेना-देना नहीं था, वह सिर्फ अपने पिता के लिए कंबल लेने गया था।


थाने का घेराव, प्रदर्शन में फूटा आक्रोश

राज की मौत की खबर मिलते ही शनिवार दोपहर को परिजन और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में अधारताल थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि घटना में शामिल चार लोगों के खिलाफ तो मामला दर्ज किया गया है, लेकिन कुछ अन्य लोग भी इस हमले में शामिल थे जिन्हें जानबूझकर बचाया जा रहा है। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही और पक्षपात का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस का पक्ष

इस मामले में अधारताल थाना प्रभारी ने बताया कि चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 109, 307 एवं अब 302 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर धाराएं बढ़ाई गई हैं तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


No comments:

Post a Comment