स्वास्थ्य, भवन एवं अतिक्रमण शाखा अधिकारियों के साथ महापौर की संयुक्त बैठक
महापौर हेल्पलाइन 18002333128 पर दें जलभराव के कारण बन रहे अतिक्रमणों की सूचना
प्रथम टुडे जबलपुर। शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम सतर्क हो गया है। महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल प्लावन में बाधा बन रहे सभी अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए, ताकि शहरवासी किसी भी प्रकार की परेशानी से बचे रहें।
इस संबंध में शुक्रवार को नगर निगम के मुख्यालय में महापौर श्री अन्नू ने स्वास्थ्य, अतिक्रमण और भवन शाखा के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में महापौर ने तीनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष जोर दिया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
महापौर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण या निर्माण जल निकासी में बाधक बन रहे हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें ऐसे किसी अतिक्रमण या अवैध निर्माण की जानकारी हो, जिससे बरसात में पानी रुकने की संभावना हो, तो वे नगर निगम की हेल्पलाइन 18002333128 पर जानकारी दें।
महापौर ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और संबंधित स्थल पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी ताकि बारिश के मौसम में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में नगर निगम की सहायक आयुक्त श्रीमती अंकिता बर्मन, अतिक्रमण अधिकारी श्री मनीष तड़से, संभागीय भवन अधिकारी श्री दिग्दर्श सिंह तथा स्वच्छता सेल के नोडल अधिकारी श्री अभिनव मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment