मोहर्रम को लेकर जबलपुर पुलिस अलर्ट, एसपी सम्पत उपाध्याय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, June 13, 2026

मोहर्रम को लेकर जबलपुर पुलिस अलर्ट, एसपी सम्पत उपाध्याय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 




जबलपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जबलपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की अध्यक्षता में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, एएसपी पल्लवी शुक्ला, एएसपी सूर्यकांत शर्मा एवं एएसपी अखिलेश तिवारी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक को संबोधित करते हुए एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि आगामी दिनों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों में सामने आए सभी सुझावों एवं समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जुलूस मार्गों का करें पैदल निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का पैदल भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही जहां बिजली के तार नीचे लटके हुए हों, उन्हें तत्काल व्यवस्थित कराया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

एसपी ने निर्देशित किया कि पूर्व में विवादित रहे क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों की विशेष पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। फिक्स पॉइंट ड्यूटी पर लगाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पहले से आवश्यक ब्रीफिंग दी जाए, जिससे किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

असामाजिक तत्वों पर होगी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बैठक में सभी नगर पुलिस अधीक्षकों को एसडीएम, तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक एवं विघ्नसंतोषी तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

समाज के हर वर्ग से संवाद बनाए रखें

एसपी सम्पत उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाज के सभी वर्गों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों से सतत संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाएं शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेंगी पुलिस गाड़ियां

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी पुलिस वाहनों में बलवा ड्रिल सामग्री, टियर गैस, टॉर्च, वीडियो कैमरे तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इन संसाधनों का तत्काल उपयोग किया जा सकेगा।

छोटी घटना पर भी होगी त्वरित कार्रवाई

एसपी ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी छोटी-बड़ी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी होनी चाहिए। शहर की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

No comments:

Post a Comment