जबलपुर। हिंदुआ सूरज, मेवाड़ के गौरव एवं क्षत्रिय कुल शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की 486वीं जयंती के अवसर पर आगामी 17 जून को सायं 4 बजे सिविक सेंटर से क्षत्रिय राजपूत समाज द्वारा दिव्य, भव्य एवं विशाल शौर्य यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पिछले 26 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। प्रारंभिक वर्षों में यह यात्रा सीमित स्वरूप में निकलती थी, लेकिन समाज के बढ़ते जनसमर्थन, सहभागिता और महाराणा प्रताप के आदर्शों के प्रति बढ़ती आस्था के कारण आज यह जबलपुर की प्रमुख सामाजिक एवं सांस्कृतिक यात्राओं में शामिल हो चुकी है।
शौर्य यात्रा की अगुवाई ब्रह्मचारी चैतन्यानंद जी महाराज सहित अन्य संत-महात्मा एवं मातृशक्तियां करेंगी। यात्रा में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह, संयोजक जी.एस. ठाकुर, लेखराज सिंह (मुन्ना भैया) सहित शहर के सम्माननीय विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि यात्रा में क्षत्रिय समाज के पुरुष सफेद परिधान एवं मेरून साफा धारण कर शौर्य और अनुशासन का परिचय देंगे, वहीं क्षत्राणियां पारंपरिक राजस्थानी एवं राजपूती वेशभूषा के साथ साफा बांधकर यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। समाज के बच्चों एवं युवाओं की बड़ी संख्या यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल क्षत्रिय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों एवं सर्वधर्म समुदायों के लोग भी इसमें शामिल होकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते रहे हैं। इसी कारण यह आयोजन शहर के सामूहिक उत्सव का स्वरूप धारण कर चुका है।
यात्रा में सुमधुर बैंड की धुनों, ढोल-नगाड़ों, घोड़ों, बग्घियों एवं पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन के साथ-साथ महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिलेगी। क्षत्राणियां पारंपरिक स्वरूप में उपस्थित रहकर महाराणा प्रताप के आदर्शों, त्याग और स्वाभिमान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों द्वारा मंच लगाकर यात्रा का स्वागत भी किया जाएगा।
शौर्य यात्रा सिविक सेंटर से प्रारंभ होकर नौदरा ब्रिज, करमचंद चौक, मालवीय चौक एवं महाराणा प्रताप चौक से होते हुए महाराणा परिसर (नगर निगम के सामने) पहुंचेगी। यहां महाराणा प्रताप की चेतकारूढ़ प्रतिमा एवं प्रभु श्रीराम का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा अपने विचार व्यक्त किए जाएंगे तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजकों ने शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित अन्य जिलों से आने वाले सभी सामाजिक बंधुओं, युवाओं एवं मातृशक्तियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
प्रेस वार्ता में रहे उपस्थित
शौर्य यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, संयोजक जी.एस. ठाकुर, लेखराज सिंह (मुन्ना भैया) सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment