जबलपुर/समालखा (हरियाणा), 19 मार्च 2026
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक हरियाणा के समालखा में 13, 14 और 15 मार्च 2026 को सम्पन्न हुई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तथा सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक में देशभर से अपेक्षित 1493 प्रतिनिधियों में से 1438 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। संगठन विस्तार, राष्ट्रहित में समाज की सज्जन शक्ति की सक्रियता और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ बैठक संपन्न हुई।
संगठन विस्तार के आंकड़े
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष संघ कार्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। देशभर में संघ की शाखाओं की संख्या लगभग 6 हजार बढ़कर 88,949 हो गई है, जबकि स्थानों की संख्या 55,683 तक पहुंच गई है। साप्ताहिक मिलन 32,606 और संघ मंडलियां 13,211 हो गई हैं।
महाकौशल प्रांत में भी 533 शाखाओं की वृद्धि के साथ कुल शाखाएं 3,078 हो गई हैं, जबकि स्थान 2,141 हो गए हैं। यहां 918 साप्ताहिक मिलन और 954 संघ मंडलियां संचालित हो रही हैं।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम
विजयादशमी 2025 से 2026 तक संघ का शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इस दौरान देशभर में 62,555 विजयादशमी उत्सव आयोजित हुए, जिनमें 32 लाख से अधिक स्वयंसेवक शामिल हुए। वहीं 22,656 स्थानों पर संचलन कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 25 लाख से अधिक सहभागिता रही।
महाकौशल प्रांत में 3,138 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 1.77 लाख से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
गृह संपर्क और सम्मेलन
देश के 37 प्रांतों में चलाए गए गृह संपर्क अभियान के तहत 3.89 लाख गांवों और 31,141 शहरी बस्तियों में 10 करोड़ से अधिक घरों तक संपर्क किया गया। महाकौशल प्रांत में 43 लाख से अधिक घरों में संपर्क हुआ।
इसी तरह विभिन्न प्रांतों में आयोजित हिन्दू सम्मेलनों में कुल 3.49 करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी रही। महाकौशल प्रांत में 23 लाख से अधिक लोग इन सम्मेलनों में शामिल हुए। जबलपुर के सुहागी क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में करीब 4500 लोग उपस्थित रहे।
गुरु तेगबहादुर और संत रविदास पर विशेष उल्लेख
बैठक में गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित 2,134 कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया। जबलपुर में भी एक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 500 से अधिक लोग शामिल हुए। इस अवसर पर सह-सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर का उद्बोधन हुआ।
साथ ही वर्ष 2026-27 को संत रविदास के 650वें प्राकट्य वर्ष के रूप में मनाने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जारी वक्तव्य में उनके सामाजिक समरसता, भक्ति और समानता के संदेश को प्रासंगिक बताया गया।
युवा सहभागिता
संघ कार्य में युवाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी जोर दिया गया। महाकौशल प्रांत के सभी 34 जिलों में आयोजित युवा सम्मेलनों में 50,100 युवाओं की सहभागिता दर्ज की गई।
इन्होंने किया पत्रकार वार्ता कोसंबोधित
पत्रकार वार्ता को प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे और प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने संबोधित किया। इस दौरान विभाग प्रचार प्रमुख विनय सोलंकी सहित प्रचार विभाग के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment