जबलपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अधारताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1250 पाव देशी शराब के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ एवं शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना अधारताल पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी अधारताल प्रवीण कुमरे के अनुसार, 19 मार्च 2026 की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी चौक कटरा क्षेत्र में विवेक कोरी के मकान की छत पर अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
दबिश के दौरान मकान की छत पर नारायण जायसवाल और विवेक कोरी मौजूद मिले, जबकि गौरव जायसवाल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर 25 पेटियों में कुल 1250 पाव देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी नारायण जायसवाल (62 वर्ष), निवासी खेरमाई मंदिर के पास कटरा अधारताल ने बताया कि उसने अपने बेटे गौरव जायसवाल के साथ मिलकर उक्त शराब बिक्री के उद्देश्य से रखी थी। वहीं विवेक कोरी (22 वर्ष), निवासी गांधी चौक कटरा ने बताया कि आरोपियों ने उसके मकान की छत पर शराब रखने के बदले उसे हिस्सेदारी देने का लालच दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के साथ एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल एवं एक वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार पाण्डे, प्रधान आरक्षक अजीत पटेल, आरक्षक महेश कहार, अजय दीक्षित, कुलदीप साहू एवं विपिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment