गोपनीय पत्र बना सबसे बड़ा सबूत, बरगी क्रूज हादसे में बढ़ीं अधिकारियों की मुश्किलें - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, May 29, 2026

गोपनीय पत्र बना सबसे बड़ा सबूत, बरगी क्रूज हादसे में बढ़ीं अधिकारियों की मुश्किलें




प्रथम टुडे | जबलपुर

बरगी क्रूज हादसे में अब वह गोपनीय पत्र जांच का सबसे बड़ा हथियार बन गया है, जिसने हादसे से पहले ही खतरे की घंटी बजा दी थी। प्रथम टुडे द्वारा पहले उजागर किए गए इस एक्सक्लूसिव दस्तावेज ने अब न्यायिक जांच की दिशा ही बदल दी है। पत्र में साफ तौर पर क्रूज के इंजनों में गंभीर तकनीकी खराबी की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद संचालन जारी रखा गया। अब यही सवाल अधिकारियों की जवाबदेही तय करेगा।

हादसे से पहले दी गई थी चेतावनी

गोपनीय पत्र में उल्लेख था कि क्रूज का एक इंजन पूरी तरह खराब हो चुका था, जबकि दूसरा इंजन भी ठीक तरह से स्टार्ट नहीं हो रहा था। तकनीकी खामियों की यह जानकारी संबंधित अधिकारियों और मध्यप्रदेश टूरिज्म विभाग के क्षेत्रीय स्तर तक पहुंचाई गई थी। इसके बावजूद क्रूज को पर्यटकों के साथ पानी में उतारा जाता रहा।

अब यही दस्तावेज जांच आयोग के सामने सबसे अहम साक्ष्य के रूप में मौजूद है और इसी आधार पर यह जांच की जा रही है कि आखिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई।

प्रथम टुडे की खबर पर लगी जांच की मुहर

प्रथम टुडे ने अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में पहले ही इस गोपनीय पत्र का खुलासा किया था और दावा किया था कि हादसे वाली क्रूज की तकनीकी स्थिति बेहद खराब थी। अब वही दस्तावेज न्यायिक जांच आयोग तक पहुंच चुका है, जिससे खबर की पुष्टि होने के साथ-साथ प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल और गहरे हो गए हैं।

हालांकि यह पत्र अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन आयोग द्वारा संज्ञान लेने के बाद इसकी गंभीरता बढ़ गई है।

कार्रवाई क्यों नहीं हुई?” अब यही सबसे बड़ा सवाल

बरगी हादसे की जांच कर रहे रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी ने माना है कि तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई, यह जांच का मुख्य विषय रहेगा। आयोग अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर किस स्तर पर लापरवाही हुई और किसने चेतावनियों को नजरअंदाज किया।

तीन अधिकारी तलब, तकनीकी एक्सपर्ट के बयान दर्ज

जांच आयोग ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा, मैकल वोट क्लब के मैनेजर और एमपी टूरिज्म के टेक्निकल एक्सपर्ट को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।

बुधवार को टेक्निकल एक्सपर्ट ने आयोग के सामने अपने बयान दर्ज कराए, जबकि अन्य अधिकारियों से भी जवाब मांगे गए हैं। आयोग अब तकनीकी रिपोर्ट, पत्राचार और संचालन रिकॉर्ड के आधार पर जिम्मेदारों की भूमिका तय करेगा।

सिर्फ दोषी नहीं, सिस्टम की खामियां भी होंगी जांच के घेरे में

जांच आयोग केवल जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान तक सीमित नहीं रहना चाहता। रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी ने संकेत दिए हैं कि आयोग सुरक्षा नियमों, निगरानी व्यवस्था और तकनीकी परीक्षण प्रणाली की भी समीक्षा करेगा।

आयोग यह जानने की कोशिश कर रहा है कि आखिर ऐसी कौन-सी व्यवस्थागत कमजोरियां थीं, जिनकी वजह से खतरे की चेतावनी मिलने के बावजूद क्रूज का संचालन लगातार जारी रहा।

हादसे से उठे बड़े सवाल

बरगी क्रूज हादसे ने अब केवल एक दुर्घटना का रूप नहीं छोड़ा, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही, तकनीकी लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का बड़ा मामला बनता जा रहा है। गोपनीय पत्र के सामने आने के बाद अब हर नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन था और क्या कार्रवाई होती है।

No comments:

Post a Comment