क्राइम ब्रांच और थाना विजय नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: तीन वाहन चोर गिरफ्तार, पांच दुपहिया वाहन जब्त - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, February 11, 2026

क्राइम ब्रांच और थाना विजय नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: तीन वाहन चोर गिरफ्तार, पांच दुपहिया वाहन जब्त

 

प्रथम टुडे 

जबलपुर। शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से क्राइम ब्रांच और थाना विजय नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में

राजकुमार सवनकर, पिता रामनाथ सवनकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी हरदौल मंदिर के पीछे, चेरीताल, थाना कोतवाली

धर्मेन्द्र राजपूत, पिता किशोर सिंह राजपूत, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्रीन सिटी पास परिसर, थाना माढ़ोताल

शिवम उर्फ विक्की श्रीवास, पिता मंगेश श्रीवास, उम्र 25 वर्ष, निवासी श्रीनाथ की तलैया, गंजिपुरा, थाना लार्डगंज

शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत जेल से रिहा हुए संपत्ति संबंधी अपराधियों और पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से सघन पूछताछ, उनकी आय के स्रोतों की जांच तथा चोरी गए वाहनों की बरामदगी के आदेश दिए गए हैं।

इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया और उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और थाना विजय नगर की टीम ने यह कार्रवाई की।

घटना का विवरण

थाना विजय नगर में 5 फरवरी 2026 को रांदीप राजपूत, उम्र 38 वर्ष, निवासी शीतला माई, अच्छे मिया का बाड़ा, घमापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह इंडसइंड बैंक, शास्त्री ब्रिज में टू-व्हीलर फाइनेंस का कार्य करता है। 4 फरवरी 2026 को वह अपनी एक्सिस (क्रमांक एमपी 20 एसयू 2148) से रात करीब 10 बजे एसबीआई चौक स्थित शाही पैलेस में एक शादी समारोह में गया था। शाही पैलेस के सामने वाहन खड़ा कर वह अंदर चला गया, लेकिन करीब आधे घंटे बाद लौटने पर उसकी एक्सिस वहां से गायब मिली। वाहन में टैबलेट, बायोमैट्रिक डिवाइस और पासबुक भी रखी हुई थी। रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

9 फरवरी 2026 को क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि पीएनटी कॉलोनी क्षेत्र में तीन युवक बिना नंबर की सफेद रंग की एक्टिवा से संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना विजय नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी और संदिग्धों को रोका। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम बताए, लेकिन वाहन के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

संदेह के आधार पर तीनों को वाहन सहित थाना विजय नगर लाया गया, जहां सघन पूछताछ के दौरान उन्होंने विजय नगर के एसबीआई चौक, मदनमहल, ग्वारीघाट सहित अन्य स्थानों से कुल पांच दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पीएनटी कॉलोनी स्थित एक बंद बिल्डिंग परिसर से चोरी के अन्य चार वाहन भी बरामद किए गए।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

आरोपियों के कब्जे से सिल्वर और सफेद रंग की तीन एक्सिस तथा काले और सफेद रंग की दो एक्टिवा, कुल पांच दुपहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 35(12) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए थाना विजय नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 27/26 में गिरफ्तार किया गया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ थाना मदनमहल में अपराध क्रमांक 38/26 और थाना ग्वारीघाट में अपराध क्रमांक 5/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पहले से पंजीबद्ध हैं। अन्य वाहनों के संबंध में पतासाजी जारी है।

इनकी रही सराहनीयभमिका

वाहन चोरों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहन जब्त करने की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध शैलेश मिश्रा और थाना प्रभारी विजय नगर राजेंद्र सिंह मर्सकोले के निर्देशन में उप निरीक्षक कमलेश मेश्राम, सहायक उप निरीक्षक संदीप पटेल, आरक्षक मुकेश सिंह, सुदीप सिंह, दीपक सिंह, आदित्य, शिवचरण, दिलीप कुसरे, आशुतोष यादव तथा क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक मोहन सिंह, आरक्षक पंकज सिंह, प्रीतम उपाध्याय, शिव सिंह बघेल और सत्यम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment