प्रथम टुडे
जबलपुर। रांझी थाने के घेराव को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रांझी थाने का घेराव कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि इस प्रदर्शन को लेकर अब स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठने लगे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र में अपराध बढ़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में रांझी क्षेत्र में अपराधों में कमी आई है और पुलिस की सक्रियता पहले से बेहतर हुई है।
पुलिस की कार्रवाई का स्थानीय स्तर पर समर्थन
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, जब से थाना प्रभारी उमेश गोहलानी ने रांझी थाने की कमान संभाली है, तब से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब बेचने वालों, सट्टा संचालकों और क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाकर कई आरोपियों को जेल भेजा गया है।
पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्धों की निगरानी रखने और स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखने की रणनीति का असर भी दिखाई दे रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों में चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में कमी महसूस की गई है।
पहले भी दिखा है बेहतर प्रबंधन
बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी उमेश गोहलानी इससे पहले हनुमानताल थाने में पदस्थ रहे हैं, जहां उनके कार्यकाल के दौरान भी अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक परिणाम सामने आए थे।
प्रदर्शन की मंशा पर चर्चा
रांझी थाने के घेराव को लेकर राजनीतिक गलियारों और स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि यह प्रदर्शन वास्तविक कानून व्यवस्था के मुद्दे से अधिक राजनीतिक दबाव बनाने या क्षेत्रीय स्तर पर सक्रियता दिखाने की कोशिश हो सकता है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि जब क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई जारी है, ऐसे में थाने का घेराव करना उचित नहीं लगता।
अन्य क्षेत्रों पर भी सवाल
स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि कानून व्यवस्था को लेकर चिंता है तो शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी समान रूप से मुद्दे उठाए जाने चाहिए, न कि केवल एक ही थाने को निशाना बनाया जाए।
पुलिस की रणनीति जारी
फिलहाल रांझी पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों पर निगरानी, अवैध शराब और सट्टा कारोबार पर कार्रवाई तथा क्षेत्र में नियमित गश्त जारी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।

No comments:
Post a Comment