मोहर्रम पर्व को लेकर जबलपुर पुलिस सतर्क: शहरभर में फ्लैग मार्च, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, June 29, 2025

मोहर्रम पर्व को लेकर जबलपुर पुलिस सतर्क: शहरभर में फ्लैग मार्च, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

 


प्रथम टुडे | जबलपुर | 29 जून 2025

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने शनिवार को शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।

इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आनंद कलादगी द्वारा किया गया, जिसमें ओमती, लार्डगंज, कोतवाली, गोहलपुर, हनुमानताल, बेलबाग, गढ़ा, मदनमहल, गोरखपुर और कैंट थाना क्षेत्र शामिल रहे।

पुलिस बल की संयुक्त उपस्थिति

फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, समस्त थाना प्रभारी, जिला बल, पुलिस लाइन बल और विशेष सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सुरक्षा का यह प्रदर्शन आम नागरिकों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया।

मार्च का रूट रहा महत्वपूर्ण क्षेत्रों से होकर

फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस कंट्रोल रूम से हुई जो घंटाघर, बड़ी ओमती चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, लार्डगंज थाना, बड़ा फुहारा, कमानिया, कोतवाली थाना, राजा रसगुल्ला, मिलौनीगंज, गोहलपुर, रद्दी चौकी, भानतलैया, घमापुर चौक, तहसील चौक, पर्यटन तिराहा, तैयब अली, नौदरा ब्रिज, तीन पत्ती, रानीताल, यादव कॉलोनी, लेबर चौक, कछपुरा ब्रिज, गौतम मढिया, संजीवनी नगर, पंडा मढिया, त्रिपुरी चौक, सूपाताल, मदनमहल, छोटी लाइन फाटक, गोरखपुर, कटंगा क्रॉसिंग, गणेश चौक होते हुए पैंटी नाका पर समाप्त हुआ।

पुलिस अधीक्षक ने दी कड़ी चेतावनी

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और मोहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व पर कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा, “जबलपुर पुलिस संस्कारधानीवासियों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध है। यदि कोई असामाजिक तत्व या गुंडा तत्व किसी प्रकार की अनुचित हरकत या शांति भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

संपूर्ण जिले में चौकसी बढ़ाई गई

मोहर्रम को लेकर जिलेभर में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस के जवानों को विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। थाना स्तर पर शांति समितियों की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर सौहार्द कायम रहे।

No comments:

Post a Comment