गृहस्थी का सामान और कपड़ों का स्टॉक जलकर राख, दमकल ने पाया काबू
जबलपुर। अधारताल क्षेत्र की गुजराती कॉलोनी में मंगलवार सुबह अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एक टपरे से भड़की और तेज हवा के कारण देखते ही देखते आसपास के कई घरों तक फैल गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गुजराती कॉलोनी में रहने वाले कई परिवार पुराने कपड़ों के व्यापार से जुड़े हैं। घरों में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा कई परिवारों का घरेलू सामान भी आग में खाक हो गया। इस अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार आग की चपेट में करीब 10 घर आए हैं। नगर निगम की टीम नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई है, वहीं पुलिस भी स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आग लगने के कारणों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
तीन से चार बाइक भी जली
अधारताल पुलिस के अनुसार आग की चपेट में कॉलोनी में खड़ी 3 से 4 मोटरसाइकिलें भी आकर पूरी तरह जल गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में वाहनों को भी नुकसान पहुंच गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

No comments:
Post a Comment